फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली नजदीक आने के साथ ही कुम्हारों के चाक की रफ्तार तेज हो गई है। धीरे-धीरे लोगों का रुझान एक बार फिर दीये की तरफ बढ़ा है। सरकार के स्वदेशी अभियान से प्रेरित होकर कुम्हार इस बार उत्साहित नजर आ रहें हैं| दीपावली में दीये, बर्तन व खिलौनों से हुए
आमदनी से पूरे वर्ष का खर्चा चलाना पड़ता है। अब मात्र कुछ गिने चुने पर्व पर ही लोगों को हम कुम्हारों की याद आती है। आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को मिट्टी की अहमियत को समझते हुए अपने स्थानीय कारीगरों को बढ़ावा देना चाहिए। मिट्टी का दीया जलाकर दीपावली मनाने का प्रयास करें।
दरअसल आगामी 18 अक्टूबर को रौशनी का पर्व दीपावली है| जिसको देखते हुए हर घर में तैयारी शुरू हो गयी है| प्रकाश पर्व दीपावली के करीब आते ही कुम्हारों की गलियां एक फिर से जीवंत हो उठीं हैं।मिट्टी की खुशबू के साथ कुम्हार चाक पर हर घर को रौशनी लानें के लिए मेहनत कर रहें हैं| लेकिन महंगाई से कुम्हार समाज को काफी झकझोर दिया है|
दरअसल सुनहरी मस्जिद निवासी कुम्हार सचिन प्रजापति नें भी दीपक बनने के काम में जुटे है| सचिन नें जेएनआई न्यूज को बताया कि विगत वर्ष मिट्टी 500 रूपये ट्राली थी, इस साल मिट्टी 800 रूपये ट्राली मिल रही है, लेकिन इसके बाद भी दीयों के दाम विगत वर्ष की तरह 80 के 100 हैं| लिहाजा मेहनत उतनी मिट्टी मंहगी और दीयों के दाम जस के तस है| लिहाजा इस बार मुनाफा कम होनें की उम्मीद है|
दीपावली की रौनक में कुम्हारों का योगदान
दीपावली के इस पर्व पर कुम्हारों की मेहनत और मिट्टी के दीयों की अहमियत बढ़ गई है। लोग मिट्टी के दीयों की जगह लाइटों का उपयोग कर रहे हैं, लेकिन कई लोग अभी भी इस परंपरा को कायम रखे हुए हैं। जैसे-जैसे दीपावली नजदीक आ रही है, कुम्हारों की तैयारियों में तेजी आ रही है, और इस बार उम्मीद है कि मिट्टी के दीयों की बिक्री पहले से ज्यादा होगी।
घूमते चाक पर कुम्हार गढ़ रहे उजाले की उम्मीद
गवाही के बाद महिला को धमकियां देनें में एफआईआर
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर कोतवाली के मोहल्ला नबाव न्यामत खां निवासी रंजना तिवारी पत्नी स्व. विजय तिवारी ने अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है। जिस पर पुलिस नें मुकदमा दर्ज कर लिया| रंजना तिवारी ने बताया कि उन्होंने पूनम तिवारी व गिरजेश तिवारी के बीच चल रहे विवाद में सूर्याश तिवारी उर्फ
सोनी के पक्ष में चौकी इंचार्ज पल्ला के समक्ष गवाही दी थी। इसी बात से नाराज गिरजेश व पूनम तिवारी उनसे रंजिश मानने लगे हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं कि यदि गवाही वापस नहीं ली तो झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।
रंजना तिवारी ने आरोप लगाया कि आरोपित मोबाइल पर धमकी भरे स्टेटस लगाकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। रंजना तिवारी ने बताया कि उनके परिवार के एक सदस्य का हाल ही में सिर का ऑपरेशन हुआ है, जिससे परिवार पहले से तनाव में है। लगातार धमकियों के कारण उनकी मां भी सदमे में हैं। महिला ने आशंका जताई है कि किसी भी समय कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई कर उनके परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। मामले में गिरजेश तिवारी व पूनम तिवारी के खिलाफ पुलिस नें मुकदमा दर्ज कर लिया है| जाँच दारोगा विजय सिंह को दी गयी है| 
मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत, हत्या का आरोप
फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम मलोखर में बीते दिनों हुई मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने मौत का कारण मारपीट से लगी चोटें बताते हुए विपक्षियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के गांव मलोखर निवासी प्रशांत कुमार यादव ने पुलिस को सूचना दी कि उनके 76 वर्षीय पिता श्यामपाल यादव की इलाज के दौरान 11 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस और संबंधित चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे।
परिजनों का कहना है कि 6 अक्टूबर को गांव के ही प्रेमपाल सिंह पुत्र रघुनाथ और विनय पुत्र प्रेमपाल सिंह से पुराने 80 वर्ष पुराने बकैना और कटहल के पेड़ की लकड़ी को लेकर विवाद हुआ था।विपक्षियों ने लकड़ी उठाने से रोका और जमीन कब्जाने की धमकी देते हुए गाली-गलौज की।विरोध किया तो उन्होंने श्यामपाल से लात-घूंसे और लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। बीती रात इलाज के दौरान वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के छह पुत्र — मुकेश, विमलेश, बबलू, अरविंद, विनोद और अखिलेश हैं। घटना की जानकारी मिलते ही चौकी इंचार्ज सूर्य प्रकाश उपाध्याय मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में भी विवाद हुआ था और 1 जुलाई 2016 को भी कार्रवाई की गई थी, परंतु उस समय किसी पक्ष ने मेडिकल नहीं करवाया था।मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाजपा नेता की पत्नी और पुत्रवधू से छेड़छाड़, भीड़ ने युवकों को पीटा
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)देर रात शहर के लालगेट क्षेत्र में भाजपा नेता की पत्नी और पुत्रवधू से छेड़खानी का मामला सामने आया। मौके पर हंगामा होने पर स्थानीय लोगों ने तीनों आरोपित युवकों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर
पहुंचकर युवकों को भीड़ से छुड़ाकर थाने भेज दिया।
शहर के एक भाजपा नेता की पत्नी और पुत्रवधू अपने दो बाइक से देर रात किसी कार्य से लौट रही थीं। जब वे लालगेट क्षेत्र से गुजर रही थीं, तभी सामने से आ रहे तीन बाइक सवार युवकों ने अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ की। महिलाओं के विरोध करने पर उन्होंने वाहन रोक लिया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और दो युवकों को मौके पर ही पकड़ लिया। तीसरा युवक भागने में सफल रहा, लेकिन कुछ देर बाद वह भी लौट आया तो भीड़ ने उसे भी दबोच लिया। गुस्साई भीड़ ने तीनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
घटना की सूचना पर 112 पुलिस टीम और बस अड्डा चौकी इंचार्ज कपिल कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने भीड़ से बड़ी मुश्किल से तीनों युवकों को छुड़ाकर कादरी गेट थाने भेजा।चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि महिलाओं से छेड़छाड़ के मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी मात्रा में अवैध पटाखों का भंडार पकड़ा, एक गिरफ्तार
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता)दीपावली से पहले पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कस्बा नवाबगंज में अवैध रूप से संचालित पटाखा गोदाम का भंडाफोड़ किया। बिना लाइसेंस के रखे गए भारी मात्रा में
पटाखे बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कस्बे के गांधी नगर निवासी रविन्द्र कुमार पुत्र जगदीश चन्द्र अपने गोदाम में बिना अनुमति के पटाखों का भंडारण कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने अचरा तिराहा स्थित गोदाम में छापेमारी की, जहां से अवैध पटाखों का विशाल जखीरा बरामद हुआ। पुलिस ने गोदाम से 5800 पैकेट पटाखा, 900 अनार, 115 पैकेट चकरी, 320
पैकेट फुलझड़ी, 500 पैकेट जमीन पर चलने वाला छोटा पटाखा,
और अतिरिक्त चकरी 65 पैकेट भेजे लिए । पुलिस ने रविन्द्र कुमार को मौके से गिरफ्तार कर लिया। अवैध पटाखों की बड़ी खेप पकड़े जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने कहा है कि दीपावली से पहले बिना लाइसेंस के पटाखा भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।थानाध्यक्ष नवाबगंज अबध नरायण पाण्डेय ने बताया कि बरामद सभी पटाखों की जाँच कर विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। 
डांडिया कार्यक्रम का विरोध, अश्लीलता फैलाने का आरोप
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता)शहर के लालगेट स्थित रोडवेज बस स्टैंड के सामने एक गेस्ट हाउस में चल रहे डांडिया कार्यक्रम को लेकर रविवार की रात बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजकों के बीच विवाद हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में अश्लील गीत बजाने और अनुचित प्रदर्शन किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया। गेस्ट हाउस में स्थानीय स्तर पर डांडिया नाइट का आयोजन किया गया था। जैसे ही कार्यक्रम में तेज आवाज में फिल्मी और अश्लील गाने बजने लगे, इसकी जानकारी बजरंग दल के पदाधिकारियों को मिली। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और आयोजन स्थल पर नारेबाजी करते हुए विरोध करने लगे। बजरंग दल नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार के आयोजनों में धार्मिक परंपराओं की आड़ में अश्लीलता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो समाज में गलत संदेश देता है। उनका कहना था कि यदि गरबा या डांडिया जैसे धार्मिक आयोजनों में भक्ति गीतों के साथ भारतीय परिधान में कार्यक्रम किए जाएं तो किसी को आपत्ति नहीं होगी।
कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मांग की कि भविष्य में ऐसे आयोजनों को अनुमति न दी जाए, जो धार्मिक स्वरूप को धूमिल करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि इस तरह के आयोजन जारी रहे, तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
कार्यक्रम के संयोजक संजय बाथम पर इससे पहले भी गरबा कार्यक्रमों में अश्लीलता फैलाने के आरोप लग चुके हैं। पिछले वर्ष भी इन्हीं कारणों से प्रशासन ने उनके कार्यक्रम की अनुमति रद्द कर दी थी। विवाद बढ़ने पर थाना कादरी गेट प्रभारी राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए बजरंग दल कार्यकर्ताओं को गेस्ट हाउस में प्रवेश से रोक दिया।
कार्यवाही: दो दर्जन से अधिक अमानक एम्बुलेंसों का लाखों का चालान
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लोहिया अस्पताल के बाहर अवैध रूप से फुटपाथ और सड़क किनारे खड़ी एंबुलेंसों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो दर्जन
से अधिक अमानत एंबुलेंसों का चालान काट दिया। इन वाहनों पर कुल लगभग ढाई लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। जेएनआई न्यूज ने प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया गया थ| लोहिया अस्पताल के बाहर फुटपाथ और सड़क पर एंबुलेंस खड़ी होने से आए दिन ट्रैफिक जाम और मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता
था। शिकायतें मिलने के बाद यातायात पुलिस ने अभियान चलाकर एंबुलेंसों की जांच की। जांच में पाया गया कि कई एंबुलेंस फिटनेस, परमिट और बीमा जैसे अनिवार्य दस्तावेजों के बिना सड़क पर चल रही थीं।
यातायात निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि किसी भी स्थिति में मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जो भी एंबुलेंस मानव सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन नहीं करती, उसे सड़क पर नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अमानत एंबुलेंसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर नियमित रूप से कार्रवाई की जाएगी।
शनिवार को करीब 25 एंबुलेंसों का चालान किया गया, जिससे लगभग ढाई लाख रुपये का राजस्व वसूला गया। उन्होंने सभी एंबुलेंस संचालकों को चेतावनी दी कि अगली बार बिना दस्तावेज के वाहन खड़ा या संचालित मिला तो वाहन सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।
सवारियां बिठाने को लेकर रोडवेज चालक-परिचालक में मारपीट, हंगामा
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सवारियां बिठाने को लेकर रविवार को दो रोडवेज बसों के चालक और परिचालक के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों और यात्रियों ने दोनों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन झगड़ा बढ़ता देख किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही चौकी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में करते हुए चालक और परिचालक दोनों को हिरासत में लेकर चौकी ले आई। वहां दोनों पक्षों से पूछताछ की गई।
चौकी प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि जांच में पता चला कि सवारियां बिठाने को लेकर आपसी मनमुटाव के चलते विवाद हुआ था। किसी प्रकार की मारपीट या नुकसान नहीं हुआ। बस स्टॉप पर दो बसें सवारियां भर रही थीं। इसी दौरान यात्रियों को लेकर आपसी प्रतिस्पर्धा में बहस शुरू हो गई, जो झगड़े में बदल गई। दोनों को चेतावनी देकर छोड़ दिया और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की हिदायत दी। फिलहाल स्थिति सामान्य है और रोडवेज बस संचालन पूर्ववत जारी है।|
जिन्हें दाम प्यारे उन्हें दाम दे दो, मुझे राम प्यारे मुझे राम दे दो
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रीय कवि संगम फर्रुखाबाद इकाई के तत्वावधान में रामोत्सव कवि सम्मेलन का आयोजन जलालपुर में किया गया।
रविवार को इटावा से पधारे संस्था के प्रांतीय अध्यक्ष अतिथि कवि पंडित रोहित चौधरी मुख्य अतिथि डाक्टर पल्लव सोमवंशी,राम मोहन शुक्ल,भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद राजपूत दिलीप कश्यप ने सरस्वती के समक्ष
दीप प्रज्वलित कर किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे इटावा से आए अतिथि कवि पंडित रोहित चौधरी ने ‘सबने थे वर्षों घर की देहरी पर दीप जलाए शायद सबकी सुनी प्रार्थना प्रभु राम घर आए दीपमालिका सजी हुई है बन्दनवार बनी है सही अर्थ में भरतभूमि पर दीपावली मनी है।
पक्तियां पढ़ीं। लखनऊ से आईं कवयित्री श्वेता शुक्ला ने ‘वफ़ाओं का मेरी तुम भी सिला देते तो अच्छा
था,ख़लिश दिल की मोहब्बत से मिटा देते तो अच्छा था तुम्हारी याद में हमने सदा आँसू बहाये हैं कभी हँसने की मुझको तुम दुआ देते तो अच्छा था पंक्तियां पढ़ीं। लखनऊ से आए शेखर त्रिपाठी ने जिन्हें दाम प्यारे उन्हें दाम दे दो, मुझे राम प्यारे मुझे राम दे दो गीत पढ़ा। वाशु पाण्डेय ने ‘उसके हाथ में बाकी क्या रह जाता है, तुमने जिसका हाथ पकड़ कर छोड़ दिया। कवयित्री स्मृति अग्निहोत्री ने ‘समाहित है जीवन लकीरों में जैसे बसा लूं तुम्हें इस हथेली में वैसे कि हो आमना सामना हर सेवेरे बसे हो ह्रदय में तुम्हीं राम
मेरे गीत पढ़ा। राष्ट्रीय कवि डॉक्टर संतोष पाण्डेय ने ऋषियों की तपों भूमि है वेदों का गान है,हां, हमारे बाप का हिंदुस्तान है। नलिन श्रीवास्तव ने तकती थी राह जिसकी वो दर्शन के आ गए शबरी के राम चलकर, खुद उपवन में आ गए। कवि राम मोहन शुक्ल, राम अवतार शर्मा इंदु,दिलीप कश्यप कलमकार प्रियांशु पाण्डेय दिनेश अवस्थी,आदि ने काव्य पाठ किया । इस अवसर पर डाक्टर नवेद अलीम, डॉक्टर रोहित तिवारी, डॉक्टर पल्लव सोमवंशी,कैलाश चंद्र कटियार,सुबोध शुक्ला,राज गौरव पाण्डेय आदि को सम्मानित किया गया । कार्यक्रम की व्यवस्था सूरज पाल,भगवान सिंह, संदीप कुमार, रंजीत,अमित कुमार मनोज कुमार तरा चंद्र कुलदीप कुमार,अमित सक्सेना नक्श थिएटर आदि लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन संयोजक विशाल श्रीवास्तव ने किया।
फाइनेंस एजेंट से विवाद में लिखी लूट की झूठी पटकथा
फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता) फाइनेंस एजेंट से विवाद होनें से युवक नें लूट की फर्जी पटकथा लिखकर पुलिस को सूचना दे दी| पुलिस नें जब जाँच की तो घटना झूठी निकली|
पड़ोसी जनपद कन्नौज के थाना गुरुसहायगंज के गांव गौरा निवासी शिवम यादव ने पुलिस को शिकायत दी
थी कि जब वह अचरा चौकी क्षेत्र के गांव नगला खोटा जा रहा था, तभी वीरपुर के पास दो युवकों ने खुद को फाइनेंस कंपनी का एजेंट बताकर उसकी अंगूठी और 3 हजार रुपये लूट लिए।
घटना की सूचना पर थाना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। जांच में सामने आया
कि शिवम की बाइक फाइनेंस पर थी और वह कई महीनों से किस्त जमा नहीं कर रहा था। इसी कारण रिकवरी एजेंट ने बाइक को जब्त कर लिया था। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ, जिसके बाद शिवम ने पुलिस को लूट की झूठी तहरीर दे दी। थाना पुलिस ने युवक को थाने बुलाकर कड़ी फटकार लगायी और भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की चेतावनी दी। प्रभारी निरीक्षक अवध नारायण पांडेय ने बताया कि फाइनेंस की बाइक को लेकर रिकवरी एजेंट से विवाद हुआ था, लूट की कोई घटना नहीं हुई।



