फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के जैनापुर बाजार में स्थित रश्मि ज्वेलर्स की दुकान में बीती रात चोरों ने सेंध लगाकर लाखों की चोरी कर ली। चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार में नकब लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
फर्रुखाबाद शहर के पक्का पुल निवासी प्रशांत वर्मा पुत्र अनिल की जैनापुर बाजार में रश्मि ज्वेलर्स नाम से सर्राफा की दुकान है। बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार से ईंटें हटाकर अंदर प्रवेश किया और कीमती आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए।दुकानदार प्रशांत वर्मा ने बताया कि चोरी में लगभग 500 ग्राम पुरानी चांदी और करीब 1
लाख 60 हजार रुपये मूल्य का सोना चोरी हुआ है। सुबह जब वह करीब 10 बजे दुकान पर पहुंचे तो पीछे से दीवार में बने नकब को देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल राजेपुर थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार को सूचना दी।सूचना पर पहुंचे थाना अध्यक्ष सुदेश कुमार ने मौके का मुआयना किया और जांच-पड़ताल शुरू की। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया है ताकि साक्ष्य एकत्र किए जा सकें। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही चोरों का सुराग लगाने का दावा किया है।
सर्राफा दुकान में चोरी, दीवार तोड़कर उड़ाए सोना-चांदी
ऑनलाइन जुए की लत में फंसा व्यापारी, संदिग्ध परिस्थितियों में लापता
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) थाना कादरी गेट क्षेत्र के लोहिया मिल मन्नीगंज निवासी संतोष गुप्ता के 26 वर्षीय पुत्र राहुल गुप्ता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। राहुल मन्नीगंज में दोना-पत्तल की दुकान चलाता था। बताया गया कि सोमवार देर रात करीब 8:30 बजे वह अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से घर पहुंचा और परिजनों से कहा कि “मैं अभी थोड़ी देर में आता हूं”, जिसके बाद वह घर से निकल गया और वापस नहीं लौटा।
बुधवार सुबह उसकी स्कूटी और मोबाइल फोन पांचाल घाट पुल के पास पड़े मिले। यह देखकर परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पांचाल घाट चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा फील्ड यूनिट टीम के साथ पहुंचे और घटनास्थल की जांच की। मोबाइल डेटा और कॉल डिटेल्स के आधार
पर राहुल का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।पुलिस ने मोटरबोट के जरिए पांचाल घाट से किला घाट तक गंगा में खोजबीन कराई, लेकिन देर शाम तक राहुल का कोई पता नहीं चल सका। चौकी इंचार्ज मोहित मिश्रा ने बताया कि राहुल के ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत थी, जिसकी जानकारी परिजनों ने दी है। फिलहाल पुलिस विभिन्न संभावनाओं पर जांच कर रही है और उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं|

छात्रा से छेड़छाड़ व भाई से मारपीट, दो पर एफआईआर
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) शहर कोतवाली क्षेत्र में कॉलेज छात्रा से छेड़छाड़ और उसके भाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शहर के एक मोहल्ला निवासी महिला ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी बेटी फतेहगढ़ के एक कॉलेज में एम.कॉम की छात्रा है। कई दिनों से राज पांडे600य पुत्र अनूप पांडेय उर्फ झुनझुन पांडेय, निवासी महौला नई बस्ती, उनकी पुत्री का पीछा कर अश्लील टिप्पणी और गंदे इशारे करता था। पीड़िता के भाई अभय शुक्ला ने जब इस बात की शिकायत राज पांडेय के पिता से करने की बात कही तो
राज
नाराज हो गया। आरोप है कि 12 अक्टूबर को जब अभय मदारबाड़ी से घर लौट रहा था, तभी जीआईसी इंटर कॉलेज के पास राज पांडेय अपने साथी देव मिश्रा निवासी बाग कूंचा के साथ पहुंचा व अभय को रोककर मारपीट की। दोनों ने गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी व मौके से फरार हो गए। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि उनके बच्चों की जान को खतरा है व पुलिस से सुरक्षा व कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सीएमओ के अभद्र व्यवहार के आरोप,स्वास्थ्य कर्मियों नें वेतन भुगतान व माफी की रखी मांग
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)”अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं होगा” इसी नारों के साथ बुधवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय सभागार में उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पंकज शुक्ला, मंत्री राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद फर्रुखाबाद ने की, जबकि संचालन साबिर हुसैन ने किया।
बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि दीपावली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार से ठीक पहले भी कर्मचारियों का वेतन कई महीनों से नहीं दिया गया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ लगातार अभद्र भाषा और गाली-गलौज का प्रयोग किया जा रहा है। संघ को यह जानकारी दैनिक समाचार पत्रों के माध्यम से भी प्राप्त हुई कि डॉ.सर्वेश यादव, अपर मुख्य चिकित्सा
अधिकारी से भी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अभद्र व्यवहार किया है। जिलाध्यक्ष अभिषेक वाजपेयी ने कहा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी जिस तरह से सार्वजनिक रूप से अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपमानजनक भाषा में बात करते हैं, उसी तरह उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी भी मांगनी चाहिए। उन्होंने
चेतावनी दी कि यदि दीपावली से पूर्व सभी कर्मचारियों का बकाया वेतन भुगतान नहीं किया गया, तो संघ द्वारा आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। प्रमोद दीक्षित मंत्री, उ.प्र. कर्मचारी महासंघ, अटल शुक्ला, नरेन्द्र मिश्रा, रजा अहमद, रेनू मिश्रा, रश्मि सिंह, अनुजा पाल, प्रदीप यादव, नरेन्द्र चौरसिया, भूपेन्द्र यादव, इमरान, राजीव दीक्षित, विजय तिवारी, गौरव कुमार व रतनेश कुमार रहे|
पीडब्लूडी की सड़क के फुटपाथ पर बनी मजार, पुलिस ने काम रोंका
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) लोक निर्माण विभाग की सड़क पर बन रही मजार की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पंहुची और हो रहे कार्य पर रोंक लगा दी| इसके साथ निर्माण आगे बिना अनुमति करनें पर सख्त हिदायत भी दी गयी|
कोतवाली फतेहगढ़ के ग्राम बुढनामऊ में सहकारिता की बी पैक्स गोदाम के सामने पाकड़ के पेंड के नीचे एक मजार काफी समय से बनी थी| मजार पीडब्लूडी की सड़क पर बनायी गयी थी| बुधवार को उस पर जीर्णोद्धार कार्य किया जा रहा था| जिसकी सूचना मिलने पर राजस्व व पुलिस को हुई| सूचना पर राजस्व
कर्मी और पुलिस बल मौके पर पंहुचा और हो रहे प्लास्टर आदि के कार्य को रोंक दिया| जेई पीडब्लूडी शोहेल खान नें बताया कि मजार काफी पुरानी बनी है| मामले को गुरुवार को दिखवाया जायेगा| पीडब्लूडी एक्सियन मुरलीधर ने बताया कि उनकी जानकारी में नही था मामले की जाँच करायी जायेगी| कोतवाल फतेहगढ़ रणविजय सिंह नें बताया कि पहले से मजार बनी थी, उसमे प्रधान के द्वारा निर्माण सामग्री देकर प्लास्टर कराया गया जा रहा था, जिसे फिलहाल रोंक दिया गया है| उनसे पहले प्लास्टर आदि की अनुमति लानें के लिए कहा है| 
दीपावली व धनतेरस के लिए बाजार गुलजार
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) बदले हुए परिवेश में व्यापार ने एक बार फिर से छलांग लगाई है। पर्वों पर होने वाली परंपरागत खरीदारी और जीएसटी में मिली छूट के चलते व्यापार आसमान छूने को आतुर दिख रहा है। वाहन, इलेक्ट्रिक सामान, कपड़े समेत विभिन्न दुकानों में भीड़ जुटने से दुकानदारों के चेहरे खिले
हुए हैं। करवा के बाद अब धनतेरस, दीपावली की खरीदारी से बाजार में हर ओर रौनक नजर आ रही है।
जिले भर के बाजारों में इन दिनों रौनक बढ़ी हुई है। नगर के नेहरु रोड़, चौक बाजार, लोहाई रोड़, रेलवे रोड, भोलेपुर, फतेहगढ़ कोतवाली रोड़ कस्बों के बाजारों की रंगत बढ़ी हुई है। बाजार में धनतेरस व दीपावली को लेकर जहां एक ओर खरीदारी भी जरूरी है वही जीएसटी के चलते सामानों के दामों में हुई गिरावट को लेकर भी खरीदार उत्साहित दिख रहा है। बाजारों में झालरों की चमक भी नजर आ रही है|
तीन नई उचित दर दुकानों के लिए चयन प्रक्रिया पूर्ण, लॉटरी से हुए चयन
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)जनपद के नगरीय क्षेत्रों में रिक्त चल रही तीन उचित दर दुकानों की नियुक्ति प्रक्रिया मंगलवार को जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय में पूर्ण की गई। चार सदस्यीय चयन समिति की उपस्थिति में नगरपालिका फर्रुखाबाद, नगरपंचायत शमशाबाद और नगरपंचायत नवाबगंज की दुकानों के लिए लॉटरी के माध्यम से चयन किया गया।
अपर जिलाधिकारी अध्यक्ष, संबंधित उप जिलाधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी सदस्य एवं जिला पूर्ति अधिकारी शामिल रहे। नगरपालिका फर्रुखाबाद क्षेत्र में कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से एक आवेदन अपूर्ण अभिलेखों के कारण अपात्र घोषित किया गया। शेष 14 आवेदनों में लॉटरी के माध्यम से
अंजुला पत्नी स्व. राजीव कुमार का चयन किया गया।
नगरपंचायत शमशाबाद क्षेत्र में 9 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 4 अपात्र पाए गए। शेष 5 में से लॉटरी द्वारा अनिल कुमार पुत्र स्व. रामनरायण का चयन किया गया। वहीं नगरपंचायत नवाबगंज के अंतर्गत प्राप्त 5 आवेदन सभी पात्र पाए गए। इनमें लॉटरी प्रक्रिया से अमित कुमार पुत्र श्री जाहर सिंह का चयन किया गया। चयन प्रक्रिया 6 वर्षीय बच्चे के माध्यम से कराई गई। इस दौरान वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। चयनित अभ्यर्थियों को मौके पर ही सूचित करते हुए शेष आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गये।
रेलवे स्टेशन पर गुम हुई दो नाबालिग बच्चियां सकुशल बरामद
फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)पुलिस की सतर्कता व् तत्परता से दो मासूम बच्चियों को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया गया। सुबह करीब 11:30 प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार को शमशुद्दीन पुत्र नौती खान निवासी कस्बा गुरसहायगंज जनपद कन्नौज ने सूचना दी कि उनके भाई ताहिर की दो नाबालिग पुत्रियां 8 वर्षीय गुलजार व 6 वर्षीय सलोनी फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर अपने परिवार के
साथ ट्रेन संख्या कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस से गुरसहायगंज जाने के लिए प्रतीक्षा कर रही थीं। इसी दौरान दोनों बच्चियां अचानक कहीं लापता हो गईं। सूचना पर थानाध्यक्ष रेलवे पुलिस अपने दल-बल के साथ तुरंत फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पहुंचे और सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्लेटफार्मों पर यात्रियों से पूछताछ की गई तथा रेलवे परिसर के सभी संभावित स्थानों की तलाशी ली गई। पुलिस की मुस्तैदी का परिणाम यह
हुआ कि कुछ ही समय में दोनों बच्चियां प्लेटफार्म संख्या 5 से सकुशल बरामद कर ली गईं। बरामद होने के बाद दोनों बालिकाओं को थाने लाया गया, जहां आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर उनके ताऊ शमशुद्दीन एवं अन्य परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि स्टेशन पर गुमशुदा बच्चों या सामान की शिकायत मिलते ही तत्काल सर्च अभियान चलाना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस टीम की सतर्कता और शीघ्र कार्रवाई के चलते एक संभावित गंभीर घटना टल गई। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि स्टेशन परिसर में बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत रेलवे पुलिस को सूचित करें।
सनातन के खिलाफ जो बोले उसे ठोक दो: महंत राजू दास
फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) श्री आदर्श रामलीला कमेटी राजेपुर राठौरी के द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया| जिसमे मुख्य अतिथि के रूप में पंहुचे अयोध्या के हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास महाराज ने विवादित बयान दिया| जिसमे कहा कि जो भी सनातन धर्म के खिलाफ बयान दे उसके ठोंक दो|
राजेपुर राठौरी में रामलीला के समापन पर अखिल भारतीय काव्य समारोह का आयोजन रामलीला मैदान में हुआ|मुख्य अतिथि हनुमानगढ़ी अयोध्या धाम के महंत राजू दास महाराज व विशिष्ट अतिथि के रूप में शिव शक्ति अखाड़ा के प्रमुख महंत मधुराम शरण शिवा महाराज,महंत दुर्वाषा ऋषि आश्रम पांचालघाट
ईश्वर दास महाराज,बच्चा स्वामी महाराज पंहुचे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने दीप प्रज्वलन व सरस्वती मां,भगवान राम की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। वाणी वंदना कवयित्री इटावा योगिता चौहान ने की। महंत राजू दास ने कहा कि भगवान राम के हाथ में धनुष-बाण, भगवान कृष्ण के हाथ में सुदर्शन चक्र व भगवान भोलेनाथ के हाथ में त्रिशूल है, क्योंकि राक्षसों का वध करने के लिए शस्त्र आवश्यक हैं। 
उन्होंने अफसोस जताया कि लोगों के घरों में ‘छुरी तक नहीं’ होती। राजू दास ने कहा सनातन धर्म की जय हो,अधर्म का नाश हो का संदेश देता है, लेकिन यह सिमटता जा रहा है। इसका कारण हिंदुओं का कट्टर न होना है। आपको धर्म के प्रति कट्टर होना पड़ेगा, अपने पास हथियार रखने पड़ेंगे। अगर कोई हिंदू धर्म के खिलाफ बात करे तो राइफल निकालो और सीने पर ठोक दो। उन्होंने कहा आज पूरा देश यदि बाबाओं की बात सुनने लगे तो पूरे विश्व में सनातन का झंडा लहराएगा|
9 राज्यों में हिन्दू हो गया अल्पसंख्यक
राजू दास नें कहा कि भारत के 9 राज्यों में हिन्दू अल्पसंख्यक हो गया है| यह विचार करने की बात है| उन्होंने कहा कि आज यदि पूरा देश यदि बाबाओं की सुनता तो आज यह स्थिति नही होती| सनातन पर टिप्पणी करने वाले राक्षस, कालनेमी, दुराचारी, आतातायियों का बोलबाला है|
महंत दुर्वाषा ऋषि आश्रम ईश्वर दास महाराज ने कहा कि कि सबसे पहले हम अपने आप में सुधार करें।
हम सुधरे तो जग सुधरेगा।सभी सनातनी नियमित रूप में श्रीरामचरितमानस का पाठ करें आपके आचार विचार स्वतः ठीक रहेंगे।नशा मुक्त भारत बने इसके लिए विचार करना होगा। महंत बच्चा स्वामी जी महाराज ने बताया कि काव्य समारोह और संत समागम का कार्यक्रम एक मंच पर होना एक बहुत ही अद्भुत संयोग है।एक तरफ जहां रचनाकार अपनी रचनाओं के माध्यम से आप सबमें ऊर्जा भरने का काम करते हैं वहीं दूसरी तरफ अपनी संस्कृत और सनातनी परंपराओं को जीवंत रखने का काम संत जन करते हैं। शिव शक्ति अखाड़ा के प्रमुख महंत मधुराम शरण शिवा महाराज ने युवा पीढ़ी को संदेश देते हुए बताया कि यदि युवा देश का सोया रहेगा तो देश की आन वान और शान खतरे में होगी।युवाओं से निवेदन है कि एक लक्ष्य पर कार्य करते रहो और तब तक करो जब तक सफलता ना हासिल हो।काव्य मंच के अध्यक्षता के रूप में वरिष्ठ साहित्यकार महेश पाल सिंह उपकारी व कार्यक्रम संचालन युवा कवि वैभव सोमवंशी ‘सुभग’ने किया। इस दौरान कवि महेश पाल सिंह उपकारी, कवि उत्कर्ष अग्निहोत्री, श्रृंगार रस की सुप्रसिद्ध रचनाकार योगिता चौहान ने किया| श्री आदर्श रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र पाल सिंह, उपाध्यक्ष उमेश पाल सिंह, हिंदू महासभा के युवा प्रदेश अध्यक्ष विमलेश मिश्रा,भाजपा नेता शैलेन्द्र सिंह राठौर, डॉ.अविनाश पाण्डेय, कार्यक्रम संयोजक रामजी अग्निहोत्री राजीव चतुर्वेदी,अमन अवस्थी, डॉ राजीव पाठक, मुनीश मिश्रा, डॉ.राघवेंद्र अग्निहोत्री,जिलाध्यक्ष राजपूत करणी सेना सुशील चौहान,महामंत्री सुबोध सिंह राठौर,मंत्री सौरभ सिंह,नीतीश अग्निहोत्री,सिद्धांत सिंह सिद्धू,गौरव सिंह,श्याम जी अग्निहोत्री,अजय दुबे,सौरभ मिश्रा रहे|
खाद्य विभाग की छापामारी में 35 किलो मिलावटी मिठाई नष्ट, आठ को नोटिस
फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) दीपावली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने जिले भर में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए छापामार कार्रवाई की। इस दौरान 35 किलोग्राम मिठाइयां और खाद्य पदार्थ नष्ट कराए गए तथा आठ खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस जारी किए गए।
सहायक आयुक्त (खाद्य)निर्देशन में मंगलवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों शिवदास सिंह, संजय कुमार सिंह, विनोद कुमार, अरूण कुमार मिश्र एवं बृज मोहन गुप्ता ने विभिन्न स्थानों पर छापे मारे।जसमई चौराहा, संकिसा तिराहा, बेवर रोड, बढ़पुर और कैण्ट फतेहगढ़ क्षेत्रों में स्थित दुकानों से
दही, लौंज बर्फी, बूंदी लड्डू, बर्फी, किशमिश के सैंपल लिए। वहीं सचल खाद्य प्रयोगशाला (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से 15 मिठाई नमूनों की मौके पर जांच की गई।जांच में बर्फी के एक नमूने में स्टार्च पाया गया।
टीम ने मौके पर ही 10 किलो बर्फी (मूल्य 2500), 10 किलो बूंदी के लड्डू (मूल्य 2500) और 15 किलो लौंज बर्फी (मूल्य 3750) को नष्ट कराया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे ताकि उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें।



