मरीज की मौत पर परिजनों ने हंगामा काट डाक्टर से की अभद्रता

फर्रुखाबाद: शहर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी स्थित आर के हास्पिटल में मरीज की मौत पर गुरुवार को फिर एक मरीज के परिजन उग्र हो गये और उन्होंने डाक्टर से अभद्रता कर दी। मामला गर्माते देख डाक्टर मौके से खिसक गये।

मिली जानकारी के मुताबिक पड़ोसी जनपद कन्नौज के गुरसहायगंज विजय नगर निवासी 50 वर्षीय मोहम्मद हनीफ को अस्वस्थ होने पर उन्हें आवास विकास के आर के हास्पिटल में मंगलवार दोपहर को भर्ती कराया था। तभी हनीफ को ब्लड की कमी होने की बात डाक्टर ने कही। जिस पर हनीफ के परिवारी सलीम ने बताया कि हम लोगों ने तीन बोतल ब्लड निकलवा दिया। डाक्टर ने हनीफ की डायलसिस कर दी। क्योंकि हनीफ को किडनी से सम्बंधित बीमारी थी। डायलसिस करने के बाद हनीफ की हालत में सुधार हो गया। लेकिन बीती शाम डाक्टर ने हम लोगों के बगैर जानकारी के मरीज का डायलसिस कर दिया। डायलसिस करने के बाद जब परिजनों ने मरीज को देखा तो मरीज की हालत काफी नाजुक थी। रात भर मरीज अस्पताल में भर्ती रहा। सलीम ने बताया कि प्रातः हम लोगों ने डाक्टर को फोन करके आने को कहा। तो डाक्टर आये लेकिन पांच मिनट में ही देखकर वापस हो गये। बाद में पता चला कि हनीफ की मौत हो चुकी है। हनीफ की मौत की खबर सुनते ही परिजन उग्र हो गये और उन्होंने डाक्टर से बगैर पूछे डायलसिस करने की बात कही।  जिस पर मामला और बिगड़ गया तो गुस्साये मरीज के परिजनों ने डाक्टर के साथ से खींचातानी कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को जैसे तैसे समझा बुझाकर शांत किया।

सलीम ने बताया कि मोहम्मद हनीफ जब अस्पताल में भर्ती होने आये थे तो वह भली प्रकार पैदल चल रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामले को रफा दफा कर दिया व परिजन शव लेकर घर चले गये।