फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) मानदेय बढ़ाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़ी आशा कार्यकर्ताओं और आशा संगिनियों का धरना शनिवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठीं कार्यकर्ताओं ने शासन और स्वास्थ्य विभाग से मांगों का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।आशा संगिनी पूजा ने बताया कि एक अक्टूबर से शुरू हुआ धरना 15 अक्टूबर तक जारी रहेगा। पांच अक्टूबर को कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचकर उच्च अधिकारियों के सामने अपनी मांगें रखेंगी। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में गर्भवती महिलाओं की देखभाल, टीकाकरण, स्वास्थ्य जागरूकता समेत विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं में जिम्मेदारी निभाती हैं, लेकिन इसके बावजूद मिलने वाला मानदेय उनकी मेहनत और बढ़ती महंगाई के अनुरूप पर्याप्त नहीं है।कार्यकर्ताओं ने मानदेय बढ़ाने के साथ काम की समय सीमा निर्धारित करने की भी मांग की। उनका कहना है कि उन्हें दिन-रात स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों के लिए उपलब्ध रहना पड़ता है।धरने में पूजा, अमीना खानम, सावित्री कुशवाहा, रिंका, मांगनी, सीता, गीता और शाहिना समेत अन्य आशा कार्यकर्ता व संगिनियां मौजूद रहीं।
मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आशा कार्यकर्ताओं का धरना दूसरे दिन भी जारी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



