एटा: जैथरा थाना क्षेत्र के नगला प्रेमी गांव में मंगलवार देर रात घर के बाहर चारपाई पर सो रहे 30 वर्षीय युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजन उसे जैथरा सीएचसी ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर एटा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। ग्राम नगला प्रेमी निवासी नीरज पुत्र ऋषिपाल मंगलवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर चारपाई पर सो गया था। देर रात हमलावरों ने उसे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गोली नीरज की दाहिनी जांघ में लगी। फायरिंग की आवाज सुनकर परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। आरोप घायल नीरज के भाई उमेश यादव ने पुलिस को बताया कि गांव के ही अनिल, बॉबी, विमल, देशराज और सनी से उनके परिवार का लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी पुरानी रंजिश के चलते नामजद लोगों ने नीरज पर गोली चलाई।घायल को तत्काल जैथरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए एटा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। गोलीकांड की सूचना मिलते ही जैथरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताव पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है |
चारपाई पर सो रहे युवक को मारी गोली, गंभीर, भूमि विवाद में वारदात का आरोप
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]


