बारिश भी नहीं डिगा सकी बप्पा के भक्तों का उत्साह, गाजे-बाजे के साथ निकली कमालगंज विसर्जन यात्रा

0
12

फर्रुखाबाद:(कमालगंज संवाददाता) गणेश महोत्सव के समापन पर शुक्रवार को कस्बे में भगवान गणेश की प्रतिमा की भव्य विदाई यात्रा निकाली गई। सुबह विधि-विधान से पूजा-अर्चना, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद गणपति की प्रतिमा को आकर्षक रथ पर विराजमान कराया गया। इसी दौरान तेज बारिश शुरू हो गई, लेकिन श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। बारिश के बीच ही भक्त जयकारे लगाते हुए यात्रा में शामिल रहे।कानपुर-फतेहगढ़ राजमार्ग पर स्थित दीपकेशरी माता मंदिर से विसर्जन यात्रा रवाना हुई तो पूरा वातावरण गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ के जयघोष से गूंज उठा। यात्रा को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे। युवाओं और बच्चों की टोलियां डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों पर नाचते हुए आगे बढ़ती रहीं। कई श्रद्धालु एक-दूसरे के कंधों पर चढ़कर ऊंचाई तक पहुंचे और हाथों में भगवा ध्वज लहराते हुए जयकारे लगाए।यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। गुलाब की पंखुड़ियों से गणपति की प्रतिमा का स्वागत किया गया। महिलाओं की टोलियां भी भक्ति गीतों पर नृत्य करती हुई यात्रा में शामिल रहीं। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर बप्पा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। विशाल माला पहनाकर किया स्वागत: रामलीला आरती वाले चौराहे पर गणपति की प्रतिमा का विशाल माला पहनाकर स्वागत किया गया। रथ के साथ चल रहे श्रद्धालुओं में प्रसाद पाने की भी होड़ दिखाई दी। गणपति की विदाई के समय कस्बे में जगह-जगह भावुक दृश्य भी देखने को मिले। कई श्रद्धालुओं की आंखें बप्पा को विदा करते समय नम हो गईं।महिलाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए स्वयंसेवकों ने सुरक्षा के लिए उनके चारों ओर रस्सी का घेरा बनाकर यात्रा को आगे बढ़ाया। महिलाएं गोद में लिए बच्चों को भी यात्रा के उत्साह में शामिल करती नजर आईं। तपस्वी वाले बाग स्थित मंदिर के पास महिलाओं को आगे जाने से रोककर वापस भेज दिया गया। इसके बाद पुरुष श्रद्धालु गणेश प्रतिमा को लेकर पंचाल घाट की ओर रवाना हुए। सुरक्षा में तैनात रहा भारी पुलिस: विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। लगभग तीन सैंकड़ा पुलिसकर्मियों को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया। कमालगंज के अलावा थाना राजेपुर, मेरापुर व मोहम्मदाबाद सहित अन्य कई थानों का पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। पुलिसकर्मियों ने यात्रा के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था संभाली।पंचाल घाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने धार्मिक रीति-रिवाज के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। गणेश महोत्सव के अंतिम दिन कमालगंज में सुबह से ही श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा। भक्तों ने बप्पा को अगले वर्ष फिर आने की कामना के साथ भावभीनी विदाई दी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]