फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में जिले में प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर चर्चा की गई। आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में फर्रुखाबाद समेत 12 जिले शामिल हैं। बैठक में निर्वाचन प्रक्रिया और प्रस्तावित मतदेय स्थलों की जानकारी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई। उप जिलाधिकारियों से प्राप्त मतदेय स्थलों के सत्यापन संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने प्रतिनिधियों से प्रस्तावित स्थलों को लेकर दावे, आपत्तियां और सुझाव देने को कहा, ताकि उनका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर अपनी सहमति जताई। साथ ही उन्हें बताया गया कि यदि किसी स्थल को लेकर कोई आपत्ति अथवा सुझाव है तो उसे समय से उपलब्ध कराया जाए। बैठक में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सुभाष चंद्र शाक्य, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष अचल प्रताप सिंह व जिला सचिव अंकुर सिंह, बहुजन समाज पार्टी के प्रभारी रामरतन गौतम, अपना दल के विधानसभा अध्यक्ष आयुष गुप्ता, भारतीय जनता पार्टी के जिला संयोजक चुनाव मुकेश गुप्ता, सीपीआईएम के जिला मंत्री सुनील कुमार कटियार सहित अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।इसके अलावा तहसीलदार कायमगंज अविनव कुमार, एसडीएम अमृतपुर श्वेता साहू, एसडीएम सदर (न्यायिक) डॉ. सचिन वर्मा समेत संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
एमएलसी चुनाव को लेकर मतदेय स्थलों पर राजनीतिक दलों से हुआ मंथन
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



