जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी निलंबित, पीड़ित परिजनों से की थी मारपीट

0
100

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जहानगंज क्षेत्र के गांव कोरीखेड़ा में नौ माह पूर्व हुए बालक हत्याकांड का खुलासा न होने पर मुख्यमंत्री से न्याय मांगने जा रहे पीड़ित परिवार को पुलिस ने रोक दिया गया था । विरोध करने पर पुलिस ने परिवार के साथ मारपीट की गई। वीडियो बनाने पर मोबाइल छीनकर उसका डेटा भी डिलीट कर दिया गया। मामले में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बुधवार रात जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को निलंबित कर दिया। गांव कोरीखेड़ा निवासी चंद्र प्रकाश गुप्ता के 10 वर्षीय पुत्र आशुतोष गुप्ता का 10 दिसंबर 2025 को अपहरण कर लिया गया था। 14 दिसंबर को उसकी हत्या कर शव आलू के खेत में फेंक दिया गया था। बालक की मां पूनम गुप्ता ने 11 लोगों के खिलाफ जहानगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अभी तक पुलिस घटना का खुलासा नहीं कर सकी है। तीन सितंबर को पुलिस लाइन मैदान में मुख्यमंत्री की सभा थी। पीड़ित परिवार मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाने जा रहा था। इसकी भनक लगते ही जहानगंज थाना पुलिस कोरीखेड़ा पहुंच गई और पीड़ित परिवार को घर में ही घेर लिया। सभास्थल जाने से रोकने का जब बालक की ताई सुनीता गुप्ता ने विरोध किया तो आरोप है कि थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने उसे बाल पकड़कर जमीन पर पटक दिया।परिवार के लोग घटना का वीडियो बनाने लगे तो दो सिपाहियों ने बालक के भाइयों से मारपीट कर मोबाइल छीन लिए और उनका डेटा डिलीट कर दिया। बाद में पीड़ित परिवार से मारपीट के वीडियो वायरल हो गए। बालक की बहन अंशिका गुप्ता और चाचा रामजीत ने 10 सितंबर को लखनऊ में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई थी। इससे पहले पीड़ित परिवार ने डीआईजी और अन्य आला अधिकारियों से घटना का खुलासा करने तथा थानाध्यक्ष और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। इसी मामले में पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी को निलंबित कर दिया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]