चोरी की तीन मोटरसाइकिल और कटे हुए पुर्जे बरामद, तमंचा-कारतूस भी मिले

0
63

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) थाना कादरीगेट पुलिस और एसओजी टीम ने संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल चोरी कर उनके पुर्जे बेचने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलों के साथ बड़ी संख्या में कटे हुए मोटरसाइकिल के पुर्जे, औजार तथा एक तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में अवनीश कुमार उर्फ आयुष पुत्र वीरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम चिराय, थाना बिछवा, जनपद मैनपुरी तथा मो. कासिम पुत्र सैयुल्लाराय उर्फ सय्युल्लाह, निवासी खेड़ा कस्बा शाहाबाद, थाना शाहाबाद, जनपद हरदोई, हाल निवासी अमेठी कोहना, थाना कादरीगेट, फतेहगढ़ शामिल हैं।14/15 सितंबर की रात कादरीगेट क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर कुल तीन चोरी की मोटरसाइकिल तथा मोटरसाइकिलों के कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए। मामले में थाना कादरीगेट पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी आरती सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में बताया की पूछताछ में अवनीश ने बताया कि वह मोटरसाइकिल चोरी कर पहले उन्हें बेचता था, लेकिन पकड़े जाने के डर से अब मोटरसाइकिलों को औजारों की मदद से काटकर उनके पुर्जे अलग-अलग कर देता था। इन पुर्जों को वह चांदपुर में कबाड़ी का काम करने वाले मो. कासिम को बेचता था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब 20 मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी बताई है। वहीं मो. कासिम ने पूछताछ में कबाड़ का काम करने और रुपये के लालच में चोरी का सामान खरीदकर बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिल, 12 मोटरसाइकिलों के खुले हुए चेसिस, 11 शॉकर रॉड, छह शॉकर, 12 साइलेंसर, 26 मोटरसाइकिल की रिम, तीन रिम-मय टायर, 22 मोटरसाइकिल के टायर, 12 पेट्रोल टंकी और नौ नंबर प्लेट समेत अन्य सामान बरामद किया है। इसके अलावा आठ ट्यूब, मोटरसाइकिल के छोटे-बड़े पुर्जे, काटने का ग्राइंडर, औजार और एक ई-रिक्शा भी बरामद हुआ।बरामदगी में 315 बोर का एक तमंचा, 12 जिंदा कारतूस और दो मिस कारतूस भी शामिल हैं। कार्रवाई थाना कादरीगेट के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक कपिल कुमार की टीम और एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक संत कुमार की टीम ने की।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]