फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र के अमैयापुर गांव स्थित पुलिया इन दिनों राहगीरों के लिए खतरे का सबब बनी हुई है। पुलिया पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा हो गया है और रामगंगा नदी का बाढ़ का पानी उसके ऊपर से बह रहा है। पानी में गड्ढा दिखाई नहीं देने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के सामने कभी भी गंभीर हादसे का खतरा
बना हुआ है।ग्रामीणों के मुताबिक बीते दिन चपरा गांव निवासी एक व्यक्ति बाइक लेकर पुलिया से गुजर रहा था। इसी दौरान वह बाढ़ के पानी में छिपे गड्ढे में बाइक समेत जा गिरा। हालांकि वह किसी तरह हादसे से बच गया, लेकिन घटना के बाद भी पुलिया पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।अमैयापुर निवासी भूरे ने बताया कि पुलिया पर करीब दो फीट गहरा गड्ढा बना हुआ है। वर्तमान में रामगंगा का बाढ़ का पानी पुलिया के ऊपर से बह रहा है, जिससे गड्ढे का पता नहीं चलता। ऐसे में पैदल राहगीरों के साथ ही बाइक और अन्य वाहन सवारों के लिए भी खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से अब तक पुलिया पर न तो कोई चेतावनी संकेतक लगाया गया है और न ही गड्ढे के आसपास सुरक्षा की कोई व्यवस्था की गई है। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया पर बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से मामले में जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। वहीं उपजिलाधिकारी अमृतपुर श्वेता साहू ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।
अमैयापुर पुलिया पर बाढ़ के पानी में छिपा दो फीट गहरा गड्ढा, हादसे का खतरा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



