फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को शहर समेत जिले के विभिन्न इलाकों में गणपति बप्पा की भक्ति का रंग चढ़ा नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ भगवान गणेश की प्रतिमाओं की स्थापना की। शहर में करीब 250 स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित किए जाने से वातावरण भक्तिमय हो गया। घरों से लेकर पूजा पंडालों तक सुबह से देर शाम तक गणपति की स्थापना का सिलसिला चलता रहा।गणेश चतुर्थी को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे श्रद्धालुओं ने सोमवार को शुभ मुहूर्त में भगवान गणेश की प्रतिमाओं को घरों और सार्वजनिक पंडालों में विराजमान कराया। प्रतिमा स्थापना से पहले पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया। गणपति बप्पा की प्रतिमा पहुंचने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। कई स्थानों पर ढोल-नगाड़ों के साथ प्रतिमाओं को पंडाल तक लाया गया और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों के बीच स्थापना की गई। घरों में भी हुई गणपति की स्थापना: शहर के विभिन्न मोहल्लों में बड़ी संख्या में लोगों ने अपने घरों में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित की। परिवार के सदस्यों ने एकत्र होकर गणपति पूजन किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में गणेश उत्सव को लेकर उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश को दूर्वा, पुष्प, मोदक और विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए।पंडालों में विशेष सजावटसार्वजनिक स्थानों पर बनाए गए गणेश पंडालों को रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और आकर्षक सजावट से सजाया गया है। कई पंडालों में गणपति की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गईं। प्रतिमा स्थापना के बाद विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। शाम होते ही कई स्थानों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। दिनभर चला स्थापना का सिलसिला सोमवार सुबह से ही गणेश प्रतिमाओं को घरों और पंडालों तक पहुंचाने का सिलसिला शुरू हो गया था। ट्रैक्टर-ट्रॉली, ई-रिक्शा और अन्य वाहनों से प्रतिमाएं ले जाते श्रद्धालु जगह-जगह दिखाई दिए। दोपहर से लेकर शाम तक प्रतिमा स्थापना का दौर चलता रहा। प्रमुख मार्गों और बाजारों में गणपति प्रतिमाओं के आवागमन के कारण चहल-पहल बनी रही।गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आगामी दिनों में पंडालों में नियमित पूजा-अर्चना, आरती और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शहर में बड़ी संख्या में गणपति प्रतिमाओं की स्थापना से माहौल पूरी तरह गणेशमय नजर आने लगा है।
फर्रुखाबाद में 250 स्थानों पर विराजे गणपति, गूंजे गणपति बप्पा मोरया के जयकारे
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



