ग्रामीण के घर से सात लाख के जेवर ले उड़े चोर

0
46

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे ग्रामीणों के बीच चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। तौफीक की मडैयों में अज्ञात चोर एक घर को निशाना बनाकर बक्से का ताला तोड़कर करीब सात लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी महिला को रात में बाथरूम से लौटने के बाद हुई। कमरे में बक्सा खुला पड़ा था और सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए।पीड़िता शीला पत्नी राजेंद्र ने बताया कि वह रात करीब एक बजे बरामदे में सो रही थीं। इसी दौरान उनकी आंख खुली तो वह बाथरूम के लिए चली गईं। कुछ देर बाद वापस लौटने पर कमरे का दृश्य देखकर वह सन्न रह गईं। कमरे में रखा बक्सा बाहर बरामदे में लाया गया था और उसका ताला टूटा हुआ था। बक्से के भीतर रखा सामान भी अस्त-व्यस्त पड़ा था।शीला के मुताबिक चोर बक्से से एक जोड़ी सोने के झूले, एक जोड़ी चांदी की पायल तथा करीब पांच तोले वजन की सोने की जंजीर चोरी कर ले गए। उन्होंने बताया कि उनकी मां कोलकाता से उनके पास रहने के लिए आई थीं। चोरी हुए जेवरों में कुछ आभूषण उनकी मां द्वारा दिए गए थे। पीड़िता ने चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई है।घटना के समय शीला के पति राजेंद्र रिश्तेदारी में कमालगंज गए हुए थे। घर में महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। बाढ़ के चलते पहले से ही ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। ऐसे में घर में चोरी होने की घटना से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गाड़ियां सायरन बजाते हुए क्षेत्र में गश्त करती नजर आती हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटना हो जाना पुलिस गश्त की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े करता है। ग्रामीणों ने रात में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत किए जाने की मांग की है।सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि 112 पुलिस के माध्यम से चोरी की सूचना मिली है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त होते ही मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]