बिजली चोरी की जांच करने पहुंचे जेई से मारपीट का आरोपी रोडवेज कर्मी गया जेल

0
43

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के लोको रोड पर बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी रोडवेज कर्मी सुभाष चंद्र अहिरवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ने डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल परिसर से पकड़ा। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया | पुलिस के अनुसार वह अस्पताल में छिपकर अपना मेडिकल कराने की कोशिश में था। बताया गया कि विद्युत विभाग की टीम बिजली चोरी की जांच के लिए लोको रोड स्थित आवास पर पहुंची थी। इसी दौरान टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट हो गई। घटना में अवर अभियंता मुख्तार हुसैन घायल हो गए थे। चिकित्सकीय जांच में उनके हाथ में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।अस्पताल में गिरफ्तारी के दौरान हंगामा: आरोपी की गिरफ्तारी के दौरान लोहिया अस्पताल परिसर में उसकी ईएमटी पुत्री ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर महिला पुलिस कर्मियों को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने आरोपी और उसकी पुत्री को फतेहगढ़ कोतवाली पहुंचाया। पुलिस का कहना है कि आरोपी पक्ष के पास घटना से संबंधित कोई साक्ष्य या वीडियो फुटेज है तो वह विवेचना अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। जांच में उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।बिजली चोरी के मामले में 1.24 लाख का नोटिस: विद्युत विभाग के अधिकारियों के अनुसार जांच के दौरान आवास पर कटिया डालकर बिजली चोरी किए जाने का मामला सामने आया था। लोड और निर्धारित मानकों के आधार पर विभाग ने 1 लाख 24 हजार 828 रुपये की राजस्व क्षतिपूर्ति का नोटिस जारी किया है। अवर अभियंता के मुताबिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत राजस्व जमा कराने के बाद ही कनेक्शन संबंधी आगे की कार्रवाई की जाएगी। नियमानुसार भुगतान न किए जाने पर विभागीय स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]