रक्षाबंधन पर फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पर उमड़ी भीड़, तैनात 115 बसें

0
16

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) रक्षाबंधन पर्व को लेकर गुरुवार सुबह से ही फर्रुखाबाद रोडवेज बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रोडवेज विभाग ने विशेष तैयारियां की हैं। फर्रुखाबाद डिपो की कुल 115 बसों का विभिन्न मार्गों पर संचालन किया जा रहा है।डिपो अधिकारियों के अनुसार दिल्ली, आगरा, बरेली, कानपुर, हरदोई और शाहजहांपुर सहित प्रमुख मार्गों पर बसों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा कायमगंज, अलीगंज, एटा समेत आसपास के स्थानीय मार्गों पर भी अतिरिक्त व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यह सुविधा गुरुवार रात 12 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। निशुल्क यात्रा की घोषणा के बाद बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखने को मिली।हालांकि कुछ यात्रियों ने बरेली जाने वाली बस को लेकर शिकायत की। यात्रियों का आरोप था कि बस में जगह होने के बावजूद चालक ने बस नहीं रोकी, जिसके चलते उन्हें बस अड्डे पर ही रुकना पड़ा। वहीं डिपो के जिम्मेदार अधिकारी ने ऐसे किसी मामले की जानकारी होने से इनकार किया। अधिकारी का कहना है कि वह स्वयं बस अड्डे पर ड्यूटी पर तैनात हैं और यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कर्मचारियों को मुस्तैद रखा गया है।भीड़ को देखते हुए कादरी गेट थाना क्षेत्र स्थित रोडवेज बस अड्डा चौकी के प्रभारी दयानंद पटेल पुलिस बल के साथ सक्रिय रहे। पुलिस ने बस अड्डे पर यातायात और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी निगरानी रखी।सुबह से ही बस अड्डे पर यात्रियों की भारी भीड़ के बीच कई लोग बसों की खिड़कियों से चढ़ते-उतरते नजर आए। पर्व के चलते पूरे दिन बस अड्डे पर भीड़भाड़ का माहौल बना रहा।डिपो के जिम्मेदार राजेश कुमार ने बताया कि सभी बसें विभिन्न मार्गों पर संचालित की जा रही हैं। जिस मार्ग पर यात्रियों की संख्या अधिक होती है, वहां तत्काल बसों को लगाया जाता है, ताकि यात्रियों को समय पर उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। रोडवेज विभाग की ओर से बस संचालन और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]