यातायात दीवान की हालत बिगड़ने से मौत, पुलिस महकमे में शोक

0
63

फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) जनपद की यातायात पुलिस में तैनात दीवान 52 वर्षीय गौरी शंकर शुक्ला की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी है।गौरी शंकर शुक्ला पुत्र स्वर्गीय शिव शंकर शुक्ला मूल रूप से पहाड़ी थाना पहाड़ी, जनपद चित्रकूट के निवासी थे। वर्तमान में वह तिर्वा कोठी में रह रहे थे। मंगलवार को उनकी ड्यूटी फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर यातायात व्यवस्था में लगाई गई थी, लेकिन स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण वह ड्यूटी प्वाइंट पर नहीं पहुंच सके।दोपहर में अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी उन्हें एंबुलेंस से लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना कादरी गेट थाना पुलिस को भी दी गई। यातायात प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि गौरी शंकर शुक्ला अस्वस्थ होने के कारण मंगलवार को ड्यूटी प्वाइंट पर नहीं पहुंच पाए थे। दोपहर में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लोहिया अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया गया कि गौरी शंकर शुक्ला के एक पुत्र की पूर्व में मौत हो चुकी थी। पुत्र की मौत के बाद से वह और उनकी पत्नी सदमे में थे। उनकी दो पुत्रियां हैं, जिनमें एक की शादी हो चुकी है, जबकि दूसरी कानपुर में पढ़ाई कर रही है। पत्नी भी पुत्री के साथ कानपुर में रह रही थीं। फर्रुखाबाद-फतेहगढ़ के विभिन्न यातायात प्वाइंटों पर ड्यूटी के दौरान गौरी शंकर शुक्ला के सरल व्यवहार की लोग सराहना करते थे। उनकी मौत की खबर से साथी पुलिसकर्मियों, परिचितों और स्थानीय लोगों में शोक व्याप्त है।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]