फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली क्षेत्र में घरेलू विवाद के बाद एक महिला द्वारा स्वयं को गोली मार लेने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में बेहतर उपचार के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, ग्राम पचरौली महादेवपुर निवासी रणवीर की 40 वर्षीय पत्नी भगवान देवी राजपूत का परिवार के सदस्यों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के बाद वह घर से निकलकर खेत पर पहुंचीं, जहां उन्होंने तमंचे से अपने कंधे के पास हाथ में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया। घायल महिला के साथ पड़ोसी गांव हज्जूपुर नगला निवासी इंद्रजीत राजपूत भी अस्पताल पहुंचे और उपचार में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि महिला के परिवार में पति सहित सात बच्चे हैं। घटना के पीछे घरेलू कलह को कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि घटना में प्रयुक्त तमंचा पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महिला नें गृह कलह में खुद कों तमंचे से मारी गोली
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



