फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ संकल्प और लगातार मेहनत के बल पर गंगापार क्षेत्र की एक छात्रा ने नीट-2026 परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। घर पर रहकर मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन पढ़ाई करने वाली छात्रा की उपलब्धि अब अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है। राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव खंडोली निवासी 19 वर्षीय आकांक्षा चौहान, बबलू चौहान की पुत्री हैं। उन्होंने वर्ष 2023 में हाईस्कूल की परीक्षा 74 प्रतिशत अंक तथा वर्ष 2025 में इंटरमीडिएट की परीक्षा 88 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान का सहारा लेने के बजाय घर से ही मोबाइल के जरिए ऑनलाइन अध्ययन जारी रखा। लगातार परिश्रम का परिणाम उन्हें वर्ष 2026 की नीट परीक्षा में मिला, जिसमें आकांक्षा ने 480 अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में खुशी का माहौल है। सफलता की सूचना मिलते ही ग्रामीण, महिलाएं और शुभचिंतक आकांक्षा के घर पहुंचे। सभी ने मिठाई खिलाकर उसे शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आकांक्षा की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि लगन, आत्मविश्वास और नियमित मेहनत के दम पर सीमित संसाधनों में भी बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
मोबाइल से घर पर तैयारी कर छात्रा ने नीट परीक्षा में पाई सफलता, बढ़ाया क्षेत्र का गौरव
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



