फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के तकनीकी निदेशक मनोज कुमार श्रीवास्तव ने शनिवार को फर्रुखाबाद पहुंचकर बिजली विभाग की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टोर एवं कार्यशाला में कई कमियां मिलने पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को
कड़ी फटकार लगाई और व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।तकनीकी निदेशक ने सबसे पहले बेवर रोड स्थित बिजली विभाग के स्टोर एवं कार्यशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यशाला कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्टोर में रखी सामग्री, अभिलेखों एवं रखरखाव व्यवस्था में खामियां मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और अधिकारियों से व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद श्रीवास्तव
सेंट्रल जेल परिसर के निकट निर्माणाधीन विद्युत उपकेंद्र पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को निर्धारित समय सीमा के भीतर उपकेंद्र का निर्माण पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपकेंद्र परिसर की फर्श एवं संपर्क मार्ग का कार्य भी शीघ्र पूर्ण कराने को कहा। निरीक्षण के बाद तकनीकी निदेशक ने कहा कि विभागीय व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जहां भी कमियां मिलेंगी, उन्हें तत्काल दूर कराया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता राहुल नंदा, अधीक्षण अभियंता यादवेन्द्र सिंह, अधिशासी अभियंता (नगर) ब्रजभान सिंह, अधिशासी अभियंता (ग्रामीण) मुकेश कुमार सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



