फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम दाऊदपुर पूर्वी में एक दर्दनाक हादसे में छत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि गांव निवासी स्वर्गीय रामदीन के 31 वर्षीय पुत्र राजेश बॉथम बुधवार रात बिजली न होने के कारण मकान की छत पर सो रहे थे। देर रात करीब 11 बजे वह लघुशंका के लिए उठे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह मकान के किनारे बनी पक्की गली में जा गिरे। तेज आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें गंभीर हालत में तत्काल मोहम्मदाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए।प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया संयुक्त चिकित्सालय रेफर कर दिया। वहां से परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय लेखपाल विवेक पाल मौके पर पहुंचे। मृतक के छोटे भाई कैलाश ने पुलिस को फौती सूचना दी। उपनिरीक्षक कपिल कुमार कुशवाह ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। राजेश बॉथम खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी संध्या देवी, माता विमला देवी, 12 वर्षीय पुत्र आर्यन, 7 वर्षीय पुत्री आराध्या और 6 वर्षीय पुत्री रूतबी हैं। परिवार के मुखिया के असमय निधन से घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
छत से गिरकर किसान की मौत, इलाज के दौरान टूटा दम
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



