फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) गंगापार स्थित महात्मा गांधी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम ने छात्र-छात्राओं के लिए आपदा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बाढ़, भूकंप एवं अन्य प्राकृतिक आपदाओं के दौरान सुरक्षित रहने के तरीके बताए गए और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया।गाजियाबाद से आई एनडीआरएफ टीम के सहायक उपनिरीक्षक रमाकांत यादव ने कहा कि बाढ़ आने पर घबराने के बजाय तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर पहुंचना चाहिए। घर की बिजली आपूर्ति बंद कर जरूरी सामान को ऊंचाई पर सुरक्षित रखना चाहिए। उन्होंने बताया कि आपात स्थिति में प्लास्टिक की खाली बोतल, लकड़ी अथवा अन्य तैरने योग्य वस्तुओं का सहारा लेकर भी जान बचाई जा सकती है।प्रशिक्षण के दौरान टीम ने लाइफ जैकेट पहनने का सही तरीका भी प्रदर्शित किया और छात्रों को बताया कि बाढ़ का पानी उतरने के बाद स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें तथा गर्म पानी का ही उपयोग करें, ताकि जलजनित बीमारियों से बचा जा सके।एनडीआरएफ अधिकारियों ने विद्यार्थियों को मोबाइल में ‘सचेत’ ऐप डाउनलोड करने की सलाह देते हुए कहा कि इसके माध्यम से मौसम, तेज बारिश, तेज हवाओं और बाढ़ जैसी संभावित आपदाओं की समय रहते जानकारी प्राप्त की जा सकती है।उन्होंने बताया कि गंगापार क्षेत्र में बाढ़ की आशंका को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य लोगों को आपदा के प्रति सतर्क बनाना और समय पर सही कदम उठाकर जनहानि को रोकना है। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
एनडीआरएफ ने छात्रों को सिखाए आपदा से बचाव के उपाय
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



