फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली कायमगंज पुलिस ने गोवध अधिनियम के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त चंदा उर्फ चाँद मियां को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज भेजा गया।पुलिस के अनुसार, अभियुक्त को उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त
आलाकत्ल की बरामदगी के लिए थाना क्षेत्र के मीरपुर से कलाखेल जाने वाले खड़ंजा मार्ग के समीप जंगल में ले जाया गया था। इसी दौरान वह पुलिस अभिरक्षा से छूटकर भाग निकला और झाड़ियों में छिपाकर रखे अवैध .315 बोर तमंचे से पुलिस टीम पर जानलेवा फायर कर दिया।पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए सीएचसी कायमगंज भेजा गया। घटनास्थल पर जनपदीय फोरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने अभियुक्त की निशानदेही पर एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक बांका और एक छुरी (घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल) बरामद की है। अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार ने बताया कि मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था। पुलिस मुठभेड़ एवं बरामदगी के संबंध में कोतवाली कायमगंज में अलग से अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



