बारात की खुशियां मातम में बदलीं: सिलेंडर लीकेज से लगी आग, बहन झुलसी, लाखों का सामान राख

0
45

फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) कस्बे में सोमवार दोपहर बारात की तैयारियों के बीच गैस सिलेंडर में लीकेज होने से भीषण आग लग गई। हादसे में दूल्हे की बहन अनीता झुलस गईं, जबकि घर में रखा करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना से विवाह वाले घर में अफरा-तफरी और मातम का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, कस्बा राजेपुर तिराहा निवासी घनश्याम पुत्र सेवाराम की बारात मंगलवार को जनपद लखीमपुर खीरी जानी थी। दोपहर करीब 2 बजे घर में तेल की रस्म चल रही थी। इसी दौरान रिश्तेदार और परिजन गैस सिलेंडर पर भोजन तैयार कर रहे थे। अचानक सिलेंडर से गैस रिसाव होने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। सभी लोग जान बचाकर बाहर भागे, लेकिन इस दौरान घनश्याम की बहन अनीता आग की चपेट में आकर झुलस गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित घनश्याम ने बताया कि आग में करीब पांच मोबाइल फोन सहित घरेलू सामान जल गया, जिससे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]