तहसील समाधान दिवस: 79 शिकायतें पहुंचीं, 2 का मौके पर निस्तारण

0
271

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शनिवार को सदर तहसील परिसर में तहसील समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, चिकित्सा, नगर पालिका, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी प्रार्थना पत्रों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण, निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए कि भूमि विवाद और आपसी विवादों का संयुक्त रूप से मौके पर जाकर निस्तारण करें। साथ ही समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों की आख्या निर्धारित समय सीमा के भीतर पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए। समाधान दिवस के दौरान कुल 79 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 36 राजस्व, 21 पुलिस, 3 विकास, 3 विद्युत, 4 चिकित्सा तथा 12 अन्य विभागों से संबंधित थीं। इनमें से 2 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय, उपजिलाधिकारी सदर गजराज सिंह, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]