ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 13 घायल, तीन की हालत गंभीर, रेफर

0
52

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) अन्नप्राशन समारोह के अवसर पर नीम करोंरी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली शनिवार दोपहर नगला मिढ़ई के पास पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत 13 लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के नगला चूड़ा निवासी नितिन कुमार के तीन वर्षीय पुत्र देवांश के अन्नप्राशन संस्कार के अवसर पर परिजन और रिश्तेदार दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर नीम करौरी मंदिर दर्शन के लिए निकले थे। करीब 80 लोग दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार थे। दोपहर लगभग एक बजे नगला मिढ़ई के पास सामने अचानक आए एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में चालक ने तेज ब्रेक लगा दिए, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया। हादसे के समय ट्रॉली में लगभग 35 से 40 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्काल डायल-112 और डायल-108 को सूचना दी। सूचना पर चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस तथा निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचाया। सीएचसी में तैनात डॉ. सन्नी मिश्रा ने प्राथमिक उपचार के बाद मीना (50) पत्नी शिवनारायण निवासी नगला राही थाना राजेपुर, बबली (35) पत्नी शिवशंकर निवासी नगला चूड़ा तथा सुरेखा (11) पुत्री गुड्डू निवासी अनियापुर थाना अरवल को गंभीर चोटें होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं अंजली (18), चांदनी (15), कुशमा (40), मनोरमा (16), गुंजन (18), दिव्यांशी (17), रजनी (19), कीर्ति (16), रानी (15) तथा नेहा (13) का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए, जिससे कुछ समय के लिए सीएचसी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]