फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने में लापरवाही पर 352 कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

0
348

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शासन के निर्देश पर जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाने का अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना एवं उर्वरक जैसी सुविधाओं का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा, जिनकी फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनी होगी। प्रत्येक राजस्व ग्राम में कर्मियों की ड्यूटी लगाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी तैयार कराई जा रही है। इसी अभियान की समीक्षा मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ की अध्यक्षता में 3 जुलाई 2026 को आयोजित बैठक में की गई। समीक्षा के दौरान 25 जून से 2 जुलाई 2026 तक एक भी फार्मर रजिस्ट्री आईडी न बनाने वाले कर्मियों पर कड़ी नाराजगी जताई गई। मुख्य विकास अधिकारी ने 215 पंचायत सहायकों, 41 पंचायत सचिवों, 35 ग्राम रोजगार सेवकों तथा 61 लेखपालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। इसके साथ ही अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करने के भी निर्देश दिए गए, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]