फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) भारत मौसम विज्ञान विभाग, लखनऊ के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में आगामी सप्ताह के दौरान वर्षा, आंधी-तूफान, तेज झोंकेदार हवाओं और वज्रपात की प्रबल संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने और मौसम विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून को जनपद के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वज्रपात की संभावना है। 30 जून से 2 जुलाई तक अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा, मेघगर्जन, तेज हवाओं और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 3 से 5 जुलाई तक भी रुक-रुक कर वर्षा और वज्रपात का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना व्यक्त की है, जिससे मौसम अपेक्षाकृत ठंडा और नम रहेगा। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक शुरू होते ही सुरक्षित पक्के भवन में चले जाएं, बिजली के उपकरणों के प्लग निकाल दें तथा खुले मैदान, पेड़ों, बिजली के खंभों, मोबाइल टावरों और जलाशयों के आसपास जाने से बचें। खराब मौसम के दौरान सेल्फी या वीडियो बनाने के लिए बाहर न निकलें और जलभराव वाले स्थानों को पार करने से भी परहेज करें।किसानों को सलाह दी गई है कि खेतों में कार्य करने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें तथा संभावित वर्षा और तेज हवाओं को देखते हुए फसलों, मंडियों में खुले में रखी कृषि उपज और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें। जिला प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन से तत्काल संपर्क करने की अपील की है।
आगामी सप्ताह में आंधी, बारिश और वज्रपात की चेतावनी, प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



