फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव उधरनपुर लीलापुर में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में विद्युत पोल गिरने से 7 वर्षीय छात्रा शिवांगी की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की लापरवाही को हादसे के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार करीब तीन वर्ष पूर्व गांव में लगाए गए एक विद्युत पोल को अस्थायी रूप से लकड़ी के डंडों के सहारे खड़ा किया गया था। समय के साथ लकड़ी जर्जर होकर कमजोर हो गई, लेकिन उसकी मरम्मत या स्थायी व्यवस्था नहीं की गई। कई बार इसकी शिकायत और चर्चा होने के बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। बताया गया कि कक्षा-1 की छात्रा शिवांगी घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान पोल को सहारा दे रही जर्जर लकड़ी अचानक टूट गई और भारी विद्युत पोल उसके ऊपर गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मासूम बच्ची की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां नेहा, दादी उमा देवी, बाबा भोजपाल, बहन आराधना और भाई शिवम का रो-रोकर बुरा हाल है। शिवांगी अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि यह हादसा नहीं बल्कि घोर लापरवाही का परिणाम है। ग्रामीणों ने दोषी ठेकेदार श्याम सुंदर तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग उठाई है।इस संबंध में थाना अध्यक्ष अमृतपुर दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि उन्हें अभी तक घटना के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस को सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विद्युत पोल गिरने से 7 वर्षीय छात्रा की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



