फर्रुखाबाद:(जेएनआई व्यूरो) राजधानी लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद फर्रुखाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रशासन ने बुधवार को कई कोचिंग सेंटरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। विनियमित क्षेत्र के अवर अभियंता अंकित कुमार ने अपनी टीम के साथ शहर के विभिन्न कोचिंग सेंटरों, मॉल, होटलों एवं अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बरपुर स्थित आचार्य कोचिंग सेंटर, भोलेपुर का आरआर कोचिंग सेंटर, ए प्लस कोचिंग सेंटर, बढ़पुर स्थित विशाल मेगा मार्ट तथा ठंडी सड़क-आईटीआई रोड स्थित वी मार्ट मॉल समेत कई संस्थानों में सुरक्षा और भवन संबंधी मानकों में खामियां पाई गईं। अनियमितताएं मिलने पर प्रशासन ने संबंधित संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। कार्रवाई से पहले मॉल और अन्य प्रतिष्ठानों में मौजूद लोगों को सार्वजनिक घोषणा के माध्यम से सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई संपन्न कराई गई। अवर अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि जन सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि भवन निर्माण, अग्नि सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों का पालन सुनिश्चित करना सभी संस्थानों की जिम्मेदारी है। प्रशासन की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
लखनऊ कोचिंग हादसे के बाद एक्शन, विशाल व वी मार्ट सहित कई संस्थान सील
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



