फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता)प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और अपनी प्रेमिका से शादी कराने की मांग पर अड़ गया। करीब छह घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर युवक सुरक्षित नीचे उतर आया। घटना के दौरान मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के थाना डोरी हार क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय चंदन शेखावत पुत्र मोहन राम बुधवार सुबह करीब पांच बजे कायमगंज नगर के पुल गालिब क्षेत्र स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद उसने स्वयं डायल-112 पर फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला पुलिस बल एवं फायर ब्रिगेड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मोबाइल फोन के माध्यम से युवक से बातचीत की, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। युवक ने बताया कि वह पहले कायमगंज में एक सर्राफा व्यापारी के यहां कार्य करता था। वहीं एक महिला खाना बनाने आती थी, जिससे उसका प्रेम संबंध हो गया। युवक का दावा है कि वह महिला चार बच्चों की मां है और कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे। बाद में महिला उसे छोड़कर अपने पति के साथ गाजियाबाद में रहने लगी, जिससे वह परेशान था। चंदन ने बताया कि वह मुंबई के बांद्रा क्षेत्र में साउथ इंडियन कुक के रूप में काम कर रहा था। मंगलवार रात मुंबई से कायमगंज पहुंचा और बुधवार सुबह प्रेमिका से मुलाकात कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक का कहना था कि जब तक उसकी महिला से बात नहीं कराई जाएगी, वह नीचे नहीं उतरेगा। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। बड़ी संख्या में लोग वीडियो बनाने और घटना देखने के लिए पहुंच गए। इससे फर्रुखाबाद-कायमगंज मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस को यातायात व्यवस्था संभालने में भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब छह घंटे तक चले प्रयास के बाद पुलिस अधिकारियों ने युवक को समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया। अधिकारियों ने उसे आवश्यक कार्रवाई और महिला से संपर्क कराने का आश्वासन दिया। युवक के नीचे उतरने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली और यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। घटना पूरे दिन क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। वहीं पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
प्रेमिका से शादी की जिद में 200 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, छह घंटे चला हाई-वोल्टेज ड्रामा
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



