भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर की निष्पक्ष जांच की मांग, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

0
35

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) राष्ट्रवादी ब्रह्म महासभा, जनपद फर्रुखाबाद के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने गुरुवार को राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से एक ज्ञापन सौंपकर स्वर्गीय भरत तिवारी के कथित अवैध एनकाउंटर प्रकरण की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की। जिलाध्यक्ष अमन दुबे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि भरत तिवारी के साथ हुए कथित एनकाउंटर को लेकर समाज में गहरा आक्रोश और असंतोष व्याप्त है। संगठन का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति के विरुद्ध कोई अपराध सिद्ध होता है तो उसके खिलाफ विधि द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। किसी भी स्थिति में कानून से हटकर की गई कार्रवाई न्याय एवं संवैधानिक मूल्यों के विपरीत है। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की उच्च स्तरीय और पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि घटना की वास्तविकता सामने आ सके। संगठन ने यह भी मांग उठाई कि जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी अथवा विशेष जांच दल (एसआईटी) से कराई जाए तथा यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उनके विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। इसके अलावा पीड़ित परिवार को शासन की ओर से नियमानुसार आर्थिक सहायता एवं न्याय दिलाने की मांग भी की गई। संगठन ने कहा कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक कर जांच प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए, जिससे जनता का कानून और न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे। इस अवसर पर संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे। जिला उपाध्यक्ष अनुज दुबे, जिला मंत्री आकाश तिवारी, अभिषेक दुबे, मिथिलेश पाठक, पंकज अवस्थी, विजय शुक्ला, सचिन शुक्ला, अजय दुबे अज्जू, संजय दुबे, नितिन दुबे आदि रहे |

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]