फर्रुखाबाद:(राजेपुर संवाददाता) राजेपुर थाना क्षेत्र के गांव सीढ़े चकरपुर में नाबालिग किशोरी के साथ कथित अभद्रता का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। विरोध से नाराज आरोपियों ने युवक को घेरकर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत में बताया गया कि 20 जून की शाम करीब 6 बजे एक 16 वर्षीय किशोरी अपने घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान गांव का रहने वाला विन्दरपाल पुत्र पूरनलाल कथित रूप से घर में घुस आया और किशोरी के साथ अशोभनीय हरकतें करने लगा। परिवार के सदस्य रामू ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। आरोप है कि कुछ देर बाद रामू खेत की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में विन्दरपाल, इन्द्रपाल और धर्मेन्द्र ने उसे रोक लिया। तीनों ने मिलकर उस पर चाकू से हमला बोल दिया। हमले में रामू घायल होकर गिर पड़ा। उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। जाते समय उन्होंने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की। उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विन्दरपाल को निविया चौराहे के निकट से गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। थानाध्यक्ष नागेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार चल रहे अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



