पुरानी रंजिश में युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

0
36

फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) कोतवाली कायमगंज पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर शव को आम के बाग में पेड़ से लटका दिया गया था।पुलिस के मुताबिक 21 जून 2026 को मुकदमा नामजद आरोपी रोहित उर्फ सीमा पुत्र महेश चंद्र निवासी ग्राम चिलसरी, कोतवाली कायमगंज लिखा गया था तथा विवेचना के दौरान प्रकाश में आए बालकिशन पुत्र धनपाल निवासी ग्राम ऐरई, थाना जसरथपुर, जनपद एटा को पुलिस नें गिरफ्तार किया गया है। दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के संबंध में मृतक के भाई शिवोज पुत्र कर्मवीर निवासी चिलसरी ने पुलिस को तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उसके बड़े भाई दीपचंद्र उर्फ पंखिया की हत्या कर शव को आम के बाग में पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया गया। इस आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। पूछताछ में मुख्य आरोपी रोहित उर्फ सीमा ने बताया कि करीब 5-6 वर्ष पूर्व हुई एक घटना में दीपचंद्र ने उसके खिलाफ पुलिस को गवाही दी थी, जिससे वह उससे रंजिश मानता था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने साथी बालकिशन के साथ मिलकर दीपचंद्र को पकड़ लिया, उसके साथ मारपीट की और गला कसकर उसकी हत्या कर दी। बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने शराब के नशे में कुछ लोगों के सामने हत्या की बात कही थी। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी रोहित उर्फ सीमा के खिलाफ पहले से भी गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि बालकिशन का नाम भी इसी हत्या के मुकदमे में सामने आया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक लालजी यादव, कांस्टेबल आकाश बाजपेयी तथा कांस्टेबल अनुप कुमार शामिल रहे।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]