फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सोमवती अमावस्या के अवसर पर सोमवार को पांचालघाट गंगा तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गंगा स्नान के लिए दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालुओं के बीच जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए थे।घाट पर पुलिसकर्मी लगातार माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने की चेतावनी देते रहे, लेकिन इसके बावजूद कुछ लोगों ने लापरवाही बरती।इसी दौरान कायमगंज क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय अमोद कुमार पुत्र सत्यम तथा जसमई निवासी 15 वर्षीय सुमित पुत्र उत्कर्ष अपने रिश्तेदार अनुरोध कुमार पुत्र ज्योति स्वरूप निवासी जसमई के साथ गंगा स्नान करने आए थे। स्नान के दौरान दोनों किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।घटना को देख मौके पर तैनात गोताखोर अंबर पुत्र शेर अली ने अपनी टीम के साथ तत्काल गंगा में छलांग लगा दी। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों किशोरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद घाट पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों किशोरों तथा उनके अभिभावक को पांचाल घाट चौकी पहुंचाया और उच्च अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
चौकी पर एसडीएम सदर, कोतवाली कादरीगेट पुलिस, अमृतपुर थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में दोनों किशोरों को भविष्य में ऐसी लापरवाही न करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन द्वारा बार-बार चेतावनी दिए जाने के बावजूद गहरे पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
सोमवती अमावस्या के अवसर पर पांचाल घाट पर भारी भीड़ के चलते कुछ समय के लिए घाट चौकी के सामने तथा पुल पर जाम की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। इस दौरान कुछ लोगों के बीच कहासुनी, गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत भी आ गई। हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
यातायात प्रभारी सत्येंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पूरे समय यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे। जहां भी जाम की स्थिति बनी, वहां तत्काल पुलिसकर्मियों को भेजकर यातायात सामान्य कराया गया।
सोमवती अमावस्या पर गंगाघाट में उमड़ा आस्था का जनसैलाव,गोताखोरों की सतर्गता से बची दो किशोरों की जान
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



