बाइक एजेंसी और खाद-बीज की दुकान में चोरी, छत काटकर अंदर घुसे चोर

0
26

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) मोहम्मदाबाद कोतवाली क्षेत्र के खिमसेपुर कस्बे में अज्ञात चोरों ने बाइक एजेंसी और खाद-बीज की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर छत के लेटर की सरिया काटकर रस्सी के सहारे दुकान के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। जानकारी के अनुसार आदर्श नगर पंचायत खिमसेपुर में इटावा-बरेली हाईवे के निकट अंकित कुमार के भवन में बजाज बाइक एजेंसी एवं खाद-बीज की दुकान संचालित होती है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया कि स्टैंडर्ड स्कूटर्स नेकपुर कला, फर्रुखाबाद के आउटलेट से संचालित एजेंसी में अज्ञात चोरों ने रात के समय छत का लेटर काटकर प्रवेश किया। इसके बाद शटर का ताला तोड़कर एक पल्सर 125 सीसी मोटरसाइकिल, धान बीज के दो पैकेट तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए। सुबह करीब आठ बजे जब पीड़ित के भाई अनुज दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और छत की सरिया कटी हुई मिली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। दिनदहाड़े व्यस्त मार्ग के किनारे हुई चोरी की घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही। सूचना पर मदनपुर चौकी प्रभारी जयवीर सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी में शामिल आरोपियों की तलाश कर रही है।

[adrotate banner="3"]

[adrotate banner="2"]