शराबी युवक से पत्नी व बेटे नें की मारपीट, मौत

फर्रुखाबाद:(नवाबगंज संवाददाता)। थाना नवाबगंज क्षेत्र के ग्राम बधौआ में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आरोप है कि शराब के नशे में आए पति को पत्नी और नाबालिग बेटे ने लाठियों से पीट-पीटकर घायल कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी | घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार ग्राम बधौआ निवासी 35 वर्षीय रामकुमार शाक्य पुत्र बेंचेलाल शाक्य शराब पीने का आदी था। बताया जा रहा है कि बीती रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और पत्नी अनुपम से विवाद करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया और दोनों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई| आरोप है कि पत्नी और उसके नाबालिग बेटे ने घर का दरवाजा बंद कर रामकुमार की लाठियों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी होने पर उसकी मां रेखा देवी ने अन्य परिजनों को बुलाया और घर का दरवाजा खुलवाया। अंदर रामकुमार गंभीर हालत में पड़ा मिला। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए फर्रुखाबाद के एक निजी नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर घर चले गए और पुलिस को घटना की सूचना दी।सूचना मिलने पर थाना नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।