फर्रुखाबाद:(कायमगंज संवाददाता) फतेहगढ़ के भोलेपुर निवासी एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कायमगंज रेलवे स्टेशन के निकट रेलवे ट्रैक किनारे पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला ऊंचा भोलेपुर निवासी विमल कश्यप उर्फ विक्की (32) पुत्र श्याम बाबू कश्यप बुधवार सुबह करीब 11 बजे अपने दो पड़ोसी दोस्तों के साथ नौकरी करने के लिए मथुरा जाने की बात कहकर घर से निकला था। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे पुलिस ने मृतक की मां रेखा देवी को सूचना दी कि विक्की रेलवे ट्रैक के पास गंभीर हालत में मिला है।
पुलिस द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के सिर में गंभीर चोटें पाई गई हैं, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक घटनास्थल पर संदिग्ध परिस्थितियां दिखाई दीं। वहीं सूत्रों के अनुसार मौके से किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल फोन और बैग भी बरामद हुआ है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मृतक अपने पीछे मां रेखा देवी, पत्नी रानी, पांच वर्षीय पुत्री अनन्या तथा दो छोटी बहनों को छोड़ गया है। परिवार में मातम का माहौल है। बताया गया कि विक्की दो भाइयों में सबसे छोटा था। कोतवाली कायमगंज प्रभारी निरीक्षक विनोद शुक्ला ने बताया कि मृतक फतेहगढ़ से ट्रेन में सवार हुआ था। प्रथम दृष्टया आशंका है कि यात्रा के दौरान किसी कारणवश वह ट्रेन से गिर गया हो, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि पुलिस दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
मथुरा नौकरी करनें निकले युवक की संदिग्ध मौत, रेलवे लाइन के किनारे मिला शव



