सोता नाला में डूबने से वृद्ध की मौत

फर्रुखाबाद:(अमृतपुर संवाददाता) थाना अमृतपुर क्षेत्र के गांव परतापुर कला निवासी 70 वर्षीय शिशुपाल पुत्र भूमिराज की सोता नाला में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार शिशुपाल मंगलवार शाम करीब 4 बजे अपने जानवरों को नहलाने और पानी पिलाने के लिए सोता नाला गए थे। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना थाना अमृतपुर पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नाला किनारे शिशुपाल के कपड़े, जूते और लाठी मिली, जिससे उनके पानी में गिरने की आशंका जताई गई। रात भर तलाश के बावजूद उनका पता नहीं चल सका।मंगलबार सुबह करीब 8 बजे शिशुपाल का शव सोता नाला में उतराता हुआ दिखाई दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। उपनिरीक्षक राघवेंद्र भदौरिया ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी इंद्रजीत ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पानी में डूबने का प्रतीत होता है। वृद्ध जानवरों को पानी पिलाने के लिए नाला गए थे, उसी दौरान किसी कारणवश गहरे पानी में चले गए और उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।