सदर विधायक ने पोस्टमार्टम हाउस में यात्री प्रतीक्षालय और वाटर कूलर का किया लोकार्पण

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने अपनी विधायक निधि से निर्मित पोस्टमार्टम हाउस परिसर में यात्री प्रतीक्षालय का लोकार्पण किया। इस पहल से पोस्टमार्टम के लिए आने वाले मृतकों के परिजनों एवं अन्य लोगों को बैठने और प्रतीक्षा करने की बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान विधायक ने कहा कि पोस्टमार्टम हाउस में आने वाले परिवारों को अक्सर कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। यात्री प्रतीक्षालय के निर्माण से लोगों को काफी राहत मिलेगी।
इसके अलावा पोस्टमार्टम हाउस परिसर में लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या को देखते हुए विधायक निधि से एक वाटर कूलर भी स्थापित कराया गया, जिसका लोकार्पण विधायक द्वारा किया गया। इससे यहां आने वाले लोगों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। सदर विधायक ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में भी एक वाटर कूलर का लोकार्पण किया। इससे विभिन्न कार्यों से आने वाले फरियादियों, मरीजों और उनके तीमारदारों को गर्मी के मौसम में पेयजल की सुविधा मिल सकेगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी अवनिन्द्र कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न अधिकारी रहे|