पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा पर पाञ्चाल घाट में 630वां गंगा दीपदान

0
182

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो)गंगा मइया स्वच्छता एवं दीपदान आयोजन समिति के तत्वावधान में पाञ्चाल घाट स्थित दुर्वासा ऋषि आश्रम के निकट रविवार को पुरुषोत्तम मास पूर्णिमा के अवसर पर गंगा पूजन एवं दीपदान कार्यक्रम का 630वां आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गंगा मइया की आराधना की और विश्व कल्याण की कामना की।
समिति के अधिष्ठाता भगवान पार्थिवेश्वरनाथ एवं अधिष्ठात्री भगवती गंगा के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन समिति के संस्थापक-अध्यक्ष सत्यव्रत पाण्डेय ने किया। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने गंगा की रेत से भगवान पार्थिवेश्वरनाथ का शिवलिंग निर्मित कर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया।
शिवलिंग का दूध, दही, घी, शहद, शक्कर एवं पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके साथ ही गंगा मइया का भी अभिषेक कर दीपदान एवं भव्य आरती की गई। दीपों की जगमगाहट और श्रद्धालुओं की आस्था से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में डूब गया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रद्धालुओं ने “विष्णु पादाब्ज सम्भूते, गंगे त्रिपथगामिनि। ब्रह्मद्रवेति विख्याते, पापं मे हर जाह्नवि॥” मंत्र का सामूहिक जाप करते हुए भगवान पार्थिवेश्वरनाथ और गंगा मइया से समस्त विश्व के सुख, शांति और कल्याण की प्रार्थना की।
इस अवसर पर समिति सदस्य अर्जुन पाठक, सर्वज्ञ पाण्डेय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से गंगा स्वच्छता, धार्मिक जागरूकता और सनातन परंपराओं के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]