फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल (बंसल गुट) एक बार फिर जिले में सक्रिय दिखाई दे रहा है। संगठन ने व्यापारी हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष का बिगुल फूंकते हुए संगठन विस्तार अभियान को गति देने का निर्णय लिया है। जिलाध्यक्ष उमेश गुप्ता ने राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर महत्वपूर्ण संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की।
नगर के खाटू श्याम सभागार में आयोजित एक बैठक के दौरान व्यापारी नेता रविकांत गुप्ता को जिला महामंत्री तथा युवा व्यापारी नेता अंकित गुप्ता को नगर फर्रुखाबाद अध्यक्ष नियुक्त किया गया। साथ ही दोनों पदाधिकारियों को एक माह के भीतर अपनी-अपनी कार्यकारिणी गठित कर संगठन को मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में संगठन के संस्थापक जिलाध्यक्ष रोहित गोयल, संरक्षक के.एन. वर्मा, वरिष्ठ व्यापारी नेता संजय गर्ग सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। सभी ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारियों की आवाज बुलंद करने का संकल्प दोहराया।
नगर महामंत्री विवेक गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण वर्मा, नीम करौरी अध्यक्ष विकास, वरिष्ठ व्यापारी रमेश चंद्र समेत अन्य व्यापारियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया गया। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापारियों को अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है, ऐसे में एक सशक्त संगठन ही उनके अधिकारों और हितों की प्रभावी लड़ाई लड़ सकता है।
बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की और संगठन को मजबूती प्रदान करने का भरोसा दिलाया। पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान, उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाने तथा व्यापारिक हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा। बैठक के दौरान संगठन को जनपद में नई ऊर्जा और नई दिशा देने का भी संकल्प लिया गया।
व्यापारी हितों की रक्षा के लिए बंसल गुट ने बुलंद की आवाज

