फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) आवास विकास कॉलोनी स्थित भाजपा जिला कार्यालय पर गुरुवार को जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा की अध्यक्षता में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला संगठन प्रभारी एवं कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शिव महेश दुबे ने आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं मोर्चा अध्यक्ष उपस्थित रहे।
जिला संगठन प्रभारी शिव महेश दुबे ने बताया कि 26 मई 2026 को केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण हो चुके हैं। इस उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून तक विभिन्न अभियान चलाए जाएंगे। इन अभियानों में मुख्य रूप से विश्व पर्यावरण दिवस, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं जनकल्याण शिविरों का आयोजन लोकसभा, विधानसभा एवं मंडल स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 17 दिनों तक चलने वाले इन अभियानों में पार्टी कार्यकर्ताओं की शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुशासन, विकास और सुरक्षा की सरकार देने का संकल्प लिया था और बीते 12 वर्षों में देश की तस्वीर बदलने का कार्य किया है।
बैठक में बताया गया कि 5 जून को प्रत्येक मंडल में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होंगे। 13 या 14 जून को जनप्रतिनिधि, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं प्रभारी मंत्री मीडिया संवाद करेंगे। 14 से 16 जून तक ब्लॉक स्तर पर जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें महिलाओं, किसानों, युवाओं, श्रमिकों एवं लाभार्थियों को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
16 जून को इटावा-बरेली हाईवे स्थित बधार के पास श्री प्रभु पैलेस में विकसित भारत सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, उद्योगपति, अधिवक्ता, युवा उद्यमी एवं लाभार्थी भाग लेंगे। 17 से 20 जून के बीच जिला एवं मंडल स्तर पर सरकार की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। वहीं 18 और 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशाला आयोजित कर प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष फतेहचंद वर्मा ने कहा कि सभी अभियानों के लिए संयोजकों की नियुक्ति कर दी गई है और प्रदेश नेतृत्व द्वारा प्रत्येक अभियान की मॉनिटरिंग की जाएगी। अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य ने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह सरकार की योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाए।
कार्यशाला का संचालन जिला महामंत्री गोपाल राठौर ने किया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री अमरदीप दीक्षित, हिमांशु गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी शिवांग रस्तोगी, जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, वीरेंद्र कठेरिया, प्रतिभा रश्मि दुबे, अनुराग दुबे, अभिषेक बाथम, सर्वेश कुशवाहा, संदेश राजपूत, अशनील दिवाकर, अनुराग सिंह, पंकज पाल, शिव मोहन सिंह, अभिषेक बाजपेई, हिना दवे, प्रतिभा राजपूत, मनोज गंगवार, कार्यालय प्रभारी संजय सिंह, जिला आईटी संयोजक रजनीश मिश्रा, धर्मेंद्र राजपूत, अरुण दुबे, शील चंद्र वर्मा, नीरज अवस्थी, सुशील राजपूत, ऋषिपाल सिसोदिया, महेंद्र राजपूत सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चुनावी वर्ष में भाजपा ने संगठन को किया सक्रिय, तय हुए अभियान





