फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े गंभीर मामलों की समीक्षा करते हुए कुल 9 प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समीक्षित मामलों में 7 प्रकरण पॉक्सो एक्ट से संबंधित तथा 2 प्रकरण दहेज हत्या से जुड़े थे। बैठक के दौरान प्रत्येक मामले की वर्तमान स्थिति, विवेचना की प्रगति, पीड़ित पक्ष को उपलब्ध कराई गई सहायता तथा लंबित कार्यवाहियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी मामलों में फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट का अनिवार्य रूप से परीक्षण किया जाए, ताकि वैज्ञानिक एवं तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने और सभी आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पीड़ितों एवं उनके परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य सहायता, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
रानी लक्ष्मीबाई सम्मान कोष की बैठक में पॉक्सो और दहेज हत्या के मामलों की समीक्षा





