फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम बैराम नगर निवासी सीआरपीएफ जवान विनोद यादव का मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि परिसर में ड्यूटी के दौरान हृदयाघात से निधन हो गया। सोमवार देर शाम उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्राम बैराम नगर निवासी स्वर्गीय रघुराज सिंह यादव के 46 वर्षीय पुत्र विनोद यादव सीआरपीएफ की 16वीं बटालियन में तैनात थे। वर्तमान में उनकी ड्यूटी मथुरा स्थित कृष्ण जन्मभूमि की सुरक्षा व्यवस्था में लगी हुई थी। सोमवार सुबह करीब सात बजे ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। साथी जवान तत्काल उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी मौत हृदयाघात से हुई।
पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद सोमवार शाम करीब 6:15 बजे जवान का पार्थिव शरीर गांव बैराम नगर लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और क्षेत्रीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान सुरक्षा बलों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर उन्हें अंतिम विदाई दी गई। 16वीं बटालियन के सहायक कमांडेंट लोकेश चौधरी और प्रभारी निरीक्षक अजय चंद्रा की मौजूदगी में जवानों ने सलामी दी। पुत्र देव ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
विनोद यादव तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके बड़े भाई पवन यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक पद पर आगरा में तैनात हैं, जबकि छोटे भाई सुरजीत यादव गांव में रहकर खेती करते हैं। अपने पीछे वह पत्नी रानी देवी, बेटी राखी, पुत्र देव और बेटी कोमल को छोड़ गए हैं। जवान के निधन की खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया और लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कृष्ण जन्मभूमि पर तैनात सीआरपीएफ जवान का निधन, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार





