फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) गंगा दशहरा पर्व के अवसर पर जनपद के प्रमुख गंगा घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक इंतजाम किए हैं। प्रशासन ने लोगों से पर्व के दौरान सावधानी बरतने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
25 मई को आयोजित होने वाले गंगा दशहरा पर्व पर पांचाल घाट, टोका घाट, श्रृंगीरामपुर, ढाई घाट, अट्टेना घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अंकुर लाठर के निर्देशन में पुलिस, स्वास्थ्य, सिंचाई, नगर निकाय, अग्निशमन, आपदा प्रबंधन एवं जल पुलिस विभाग द्वारा संयुक्त रूप से सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
घाटों पर बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, गोताखोर, नाव, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस, कंट्रोल रूम और पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित सुरक्षा सीमा के भीतर ही स्नान करें और बैरिकेडिंग के आगे न जाएं।
प्रशासन ने कहा है कि बच्चों को अकेला न छोड़ें और उन्हें अभिभावकों की निगरानी में रखें। जिन लोगों को तैरना नहीं आता, वे गहरे पानी में जाने से बचें। गंगा नदी में सेल्फी लेने, शरारत करने अथवा नशे की हालत
में स्नान करने पर भी रोक लगाने की अपील की गई है।
नाव यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को लाइफ जैकेट पहनने, सुरक्षित नावों का ही प्रयोग करने तथा क्षमता से अधिक लोगों को नाव में न बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। खराब मौसम अथवा तेज हवा की स्थिति में नाव का उपयोग न करने की सलाह भी दी गई है।
अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सभी प्रमुख घाटों पर चौबीस घंटे निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि गंगा दशहरा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
गंगा दशहरा को लेकर प्रशासन की तैयारियां पूरी, श्रद्धालुओं से सतर्क रहने की अपील





