फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेता राजेश पाठक के पैतृक आवास पहुंचकर हाल ही में हुई चोरी और हमले की घटना को गंभीर बताते हुए प्रशासन से उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
बताया गया कि राजेपुर क्षेत्र के ग्राम कुइया स्थित राजेश पाठक के पैतृक
घर में बीते दिनों चोरी की घटना हुई थी, जिसमें उनके दो भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद सपा नेताओं का प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचा।
पार्टी के जिला प्रवक्ता राधेश्याम सत्ता ने बताया कि जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली।
इस दौरान जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि यह घटना केवल डकैती नहीं बल्कि एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के अधिकांश लोगों को यह जानकारी रहती है कि राजेश पाठक शनिवार और रविवार को अपने पैतृक आवास पर रहते हैं और लोगों से मुलाकात करते हैं। ऐसे समय में उनके घर को निशाना बनाया जाना कई सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि पुलिस घटना के खुलासे में जुटी है और लखीमपुर में इस मामले से जुड़े एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर भी हुआ है। घटना में शामिल बताए जा रहे आरोपी सीतापुर और हरदोई के निवासी हैं। इतनी दूर से अपराधियों का आना किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करता है। सपा नेताओं ने मांग की कि घटना की निष्पक्ष जांच कर साजिशकर्ताओं को बेनकाब किया जाए तथा राजेश पाठक और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
पार्टी के प्रदेश सचिव एवं अमृतपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. जितेंद्र सिंह यादव ने कहा कि मामला बेहद गंभीर है और जिला प्रशासन को पारदर्शी तरीके से इसका खुलासा करना चाहिए। वहीं जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि प्रशासन घटना की सभी परतों की निष्पक्ष जांच करे और पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करे।
इस मौके पर डॉ. जे.पी. सिंह वर्मा, अजीत यादव, विनीत परमार, उदय प्रताप सिंह, शैलेश अवस्थी, रुकमंगल सिंह यादव समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा प्रतिनिधिमंडल ने राजेश पाठक से की मुलाकात, प्रशासन से सुरक्षा की मांग
[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]



