फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) ठंडी सड़क स्थित एक ढाबे पर खाने को लेकर चिकित्सकों और युवकों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर जवाबी एनसीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दी गई तहरीर में डॉक्टर विनीत कुमार मिश्रा पुत्र युगल किशोर मिश्रा निवासी सिविल लाइंस फतेहगढ़ ने बताया कि वह अपने साथी डॉक्टर राजा वत्सल के साथ ठंडी सड़क स्थित एक ढाबे पर खाना खाने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से खाने को लेकर कहासुनी हो गई।डॉ. विनीत के अनुसार विवाद के बाद जब वह रेलवे रोड चौकी की ओर जा रहे थे, तभी विपक्षियों ने उनका पीछा कर चौकी के भीतर ही हमला कर दिया। आरोप है कि पत्थर और डंडों से की गई मारपीट में दोनों चिकित्सक घायल हो गए। इस दौरान उनका पर्स और मोबाइल भी गायब हो गया।वहीं दूसरे पक्ष से अमित शाक्य पुत्र अरविंद शाक्य निवासी नवाब नियामत खां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह ढाबे पर खाना खाने गया था, जहां पहले से मौजूद डॉक्टर विनीत मिश्रा से विवाद हो गया। आरोप है कि बाद में घर जाते समय डॉक्टर पक्ष ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। इसके बाद रेलवे रोड चौकी के पास डॉक्टर के साथियों ने उस पर रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके पैर में चोट आई।पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एनसीआर दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
ढाबे पर चिकित्सकों व युवकों में मारपीट में जबाबी एनसीआर



