महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका

फर्रुखाबाद:(मोहम्मदाबाद संवाददाता) थाना क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव निवासी कुलदीप प्रजापति की करीब 30 वर्षीय पत्नी ज्योति का शव बीती रात घर के अंदर पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला।
घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
मृतका अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्र कपिल और 6 वर्षीय पुत्री सुंदरी को छोड़ गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
उधर, मायके पक्ष ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। मृतका के भाई विपिन का आरोप है कि ससुराल पक्ष द्वारा पहले भी ज्योति के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं होती रही थीं। उनका कहना है कि ज्योति की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी।