फर्रुखाबाद:(नगर संवाददाता) सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए चोरों ने पुलिस चौकी के ठीक सामने स्थित एक दुकान को निशाना बना डाला। रोडवेज चौकी के सामने स्थित “अजब गजब नमकीन भंडार” में अज्ञात चोरों ने तीसरी मंजिल से घुसकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया।
दुकान मालिक मोहम्मद एबास, निवासी ग्राटगंज, ने बताया कि ईद के चलते शनिवार को दुकान बंद थी। वह शुक्रवार रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। रविवार सुबह दुकान खोलने पर अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान में सामान बिखरा पड़ा था और महंगे कोल्ड ड्रिंक, बिस्कुट व नमकीन के पैकेट गायब थे।
जांच के दौरान जब वह ऊपर की मंजिल पर पहुंचे तो देखा कि जीने का गेट बंद था, लेकिन चोरों ने ऊपर से जीने की पटिया तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। आसपास की छतों पर खाली पैकेट और कोल्ड ड्रिंक की बोतलें भी मिलीं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोर वहीं बैठकर सामान खा-पी भी गए। घटना की सूचना तत्काल रोडवेज चौकी इंचार्ज कपिल कुमार को दी गई। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, वहां 24 घंटे बस स्टॉप पर चहल-पहल रहती है और ठीक सामने पुलिस चौकी भी मौजूद है। इसके बावजूद चोरों ने वारदात को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे दी। पीड़ित के अनुसार चोर लगभग 15 से 16 हजार रुपये के माल पर हाथ साफ कर ले गए। चौकी इंचार्ज कपिल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस चौकी के सामने दुकान में चोरी, तीसरी मंजिल से घुसे चोर




