रामनवमी पर निकलेगी भव्य शोभायात्रा की तैयारियों पर चर्चा

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) श्री राम लीला परिषद की ओर से रामनवमी पर निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर दुर्गा मंदिर बनखड़िया में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व सभासद अनिल तिवारी ने किया, जिसमें परिषद के अध्यक्ष रविश द्विवेदी (एडवोकेट) सहित पदाधिकारियों और क्षेत्र के लोगों ने भाग लिया।
बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद के अध्यक्ष रविश द्विवेदी ने बताया कि आगामी 27 मार्च को रामनवमी का पर्व नगर में पूरे उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इसके लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 27 मार्च को सुबह 11 बजे फतेहगढ़ की पुरानी सब्जी मंडी स्थित रामनिवास मंदिर में हवन-पूजन का कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसे आचार्य दिनेश चंद्र तिवारी विधि-विधान से संपन्न कराएंगे।
उन्होंने बताया कि इसके बाद शाम को छोटी जेल चौराहा फतेहगढ़ से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न और दुर्गा माता की आकर्षक झांकियां शामिल होंगी।
परिषद के संरक्षक मुन्ना लाल वार्ष्णेय ने कहा कि फतेहगढ़ नगर की आबादी बढ़ने के कारण इस वर्ष भी शोभायात्रा का शुभारंभ छोटी जेल चौराहे से ही किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें शामिल हो सकें। बैठक में बनखड़िया क्षेत्र के श्रद्धालुओं ने भी आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पंकज अग्रवाल, अतुल मिश्रा, पंकज प्रकाश, चमन टंडन, श्रवण कुमार, अवनींद्र सक्सेना, राम बाबू, शिवम दुबे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।