नवमी पर देवी मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, घर-घर हुआ कन्या भोज

0
46

फर्रुखाबाद:(जेएनआई ब्यूरो) शारदीय नवरात्र की नवमी पर सोमवार को फर्रुखाबाद शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में भक्ति और श्रद्धा का माहौल रहा। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। घरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद कन्या भोज कराया गया। वहीं, कई स्थानों पर लोगों ने सामूहिक रूप से कन्या भोज का आयोजन कर कन्याओं को भोजन कराया और दक्षिणा व उपहार देकर उनका आशीर्वाद लिया। शहर के बढ़पुर स्थित शीतला माता मंदिर, गुरुगांव देवी मंदिर और भोलेपुर स्थित वैष्णो देवी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिरों में भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया, जो दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। नवमी के अवसर पर घर-घर कन्या भोज का आयोजन किया गया। लोगों ने छोटी-छोटी कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और भोजन कराकर उपहार व दक्षिणा भेंट की। लाल दरवाजे सहित शहर के सैकड़ों स्थानों पर भंडारे का आयोजन हुआ । कई परिवारों ने मंदिरों में भी कन्या भोज कराकर नवरात्र की पूजा-अर्चना संपन्न की। नवमी के धार्मिक आयोजनों से शहर का वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिरों में श्रद्धालुओं की चहल-पहल और घरों में कन्या भोज के आयोजनों ने नवरात्र के समापन को विशेष बना दिया। मंगलवार दोपहर 12 बजे तक नवमी है, लिहाजा कुछ जगहों पर मंगलवार कों भी कन्या भोज का आयोजन होगा |

[adrotate banner="3"]
[adrotate banner="2"]